दो दिन से लापता था युवक, शव मिलने के बाद परिजनों ने की पहचान.
आशीष वर्मा, प्रतापगंज/सुपौल
प्रतापगंज थाना क्षेत्र में दो दिनों से लापता भवानीपुर दक्षिण पंचायत के वार्ड 3 दास टोला निवासी 30 वर्षीय शनिचर दास का शव सोमवार की शाम तिलाठी धार के पास नदी में तैरता हुआ बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे कब्जे में लेकर बाहर निकाला। परिजनों ने शव की पहचान शनिचर दास के रूप में की।
शनिचर दास शनिवार सुबह चापाकल गाड़ने का काम बताकर घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। रविवार को उनके नदी में डूबने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने एनडीआरएफ, फोरेंसिक टीम और स्क्वायड डॉग की मदद से खोज अभियान चलाया था। हालांकि दिनभर चले सर्च अभियान के दौरान उनका पता नहीं चल सका।
सोमवार शाम तिलाठी धार के पास नदी में शव तैरता हुआ मिलने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

