बेलही पुल पर अज्ञात वाहन की ठोकर से बाइक सवार की मौत, एक घायल ।

आशीष वर्मा, सुपौल

प्रतापगंज। प्रतापगंज थाना क्षेत्र के बेलही पुल पर शुक्रवार को पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक रामचंद्र मेहता (55) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार राजेंद्र मेहता गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, भपटियाही थाना क्षेत्र के सदानंदपुर वार्ड संख्या 4 निवासी रामचंद्र मेहता अपनी पुत्री नीतू कुमारी, साले राजेंद्र मेहता, उनके पुत्र नीतीश कुमार, पत्नी और पुत्री के साथ किसी निजी कार्य से चिलौनी दक्षिण पंचायत के दीवानगंज आए थे। शुक्रवार को सभी दो मोटरसाइकिलों से अपने घर लौट रहे थे। नीतीश कुमार अपनी पत्नी और पुत्री के साथ एक बाइक से आगे निकल गए, जबकि रामचंद्र मेहता और राजेंद्र मेहता दूसरी बाइक से पीछे आ रहे थे। इसी दौरान बेलही पुल पर पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे रामचंद्र मेहता की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल राजेंद्र मेहता को प्रतापगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही प्रतापगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू की।

उधर, हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के पुत्र जीवछ कुमार और अन्य रिश्तेदार मौके पर पहुंचे। मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि अज्ञात वाहन की ठोकर से एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि एक अन्य घायल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Spread the love