IPL ने सरस्वती विद्या निकेतन में मनाया ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़ा, खेल-कला प्रतियोगिता से दिया स्वच्छता का संदेश।

विकास आनंद , सुपौल

सुपौल : देश की अग्रणी उर्वरक विपणनकर्ता कंपनी इंडियन पोटाश लिमिटेड (IPL) द्वारा ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत सुपौल जिले के प्रतिष्ठित *सरस्वती विद्या निकेतन, उच्च माध्यमिक विद्यालय, चतुरी, महेशपुर* में खेल एवं कला प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया।

देशभर में चल रहे ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े के अंतर्गत कंपनी द्वारा स्वच्छता जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में स्वच्छता शपथ एवं सफाई अभियान के साथ हुई।

छात्रों में स्वच्छता के प्रति सजगता लाने के लिए *”स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत”* विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने रंगों और रेखाओं के माध्यम से कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक बहिष्कार और पर्यावरण संरक्षण का सुंदर संदेश दिया। इसके साथ ही विद्यार्थियों में शारीरिक स्वास्थ्य और खेल भावना को बढ़ावा देने के लिए दौड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया।

समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर IPL कंपनी के कोसी क्षेत्र के मैनेजर *श्री विष्णु यादव* ने कहा कि _”स्वच्छता केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि एक स्थायी आदत है। खेल और कला जैसे माध्यमों से बच्चे स्वच्छता के संदेश को अधिक सहजता और रुचि के साथ आत्मसात करते हैं।”_

विद्यालय के प्रधानाचार्य ने इंडियन पोटाश लिमिटेड की इस पहल की सराहना करते हुए सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं छात्रों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Spread the love