प्रतापगंज थानाक्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
आशीष वर्मा , सुपौल
ताजा मामला प्रतापगंज थाना के भवानीपुर उत्तर पंचायत के वार्ड 13 हराबाद का है, जहां उपमुखिया बिजेंद्र कुमार यादव के घर में रखे पटवा के छह बंडल शनिवार रात चोर उठा ले गए। घटना की सूचना रविवार को थाना में दी गई। आरोप है कि सूचना देने के एक दिन बाद तक पुलिस घटनास्थल पर नहीं पहुंची, जिससे ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।
ग्रामीणों ने मामले की शिकायत पंचायत के मुखिया प्रताप बिराजी से की। मुखिया ने थानाध्यक्ष रौशन कुमार को घटना की जानकारी दी। इसके बाद थाना से पुअनि राजेश्वर कुमार को घटनास्थल की जानकारी लेने भेजा गया।

उपमुखिया ने बताया कि गांव में पिछले 8-10 दिनों से लगातार छोटी-मोटी चोरी की घटनाएं हो रही हैं। गांव में संदिग्ध लोगों की आवाजाही भी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि युवाओं में स्मैक की लत बढ़ रही है। आशंका है कि चोरी की घटनाओं के पीछे नशे से जुड़े गिरोह का हाथ हो सकता है। ग्रामीण रामचंद्र यादव, नरेश यादव, बिरवाल यादव, दुखीलाल यादव, राजेंद्र यादव, उपेंद्र यादव, सिकंदर यादव, मिथिलेश यादव, गंगा यादव, गुलाब यादव, दिनेश यादव समेत ने पुलिस से रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरियों पर अंकुश लगाने की मांग की है।

