एनएच-27 पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: क्रेटा कार से 220 किलो गांजा बरामद, तस्कर फरार।

आशीष वर्मा,सुपौल, प्रतापगंज

प्रतापगंज (सुपौल)। प्रतापगंज थाना क्षेत्र के एनएच-27 स्थित बेलही पुल के समीप पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक क्रेटा कार से 220.100 किलोग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही कार में सवार दो तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने गांजा लदी क्रेटा कार को जब्त कर लिया है और फरार तस्करों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि नरपतगंज की ओर से राघोपुर की तरफ एक सफेद रंग की क्रेटा कार से गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद थानाध्यक्ष रौशन कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम ने बेलही पुल के पास वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान तेज गति से आ रही उक्त कार पुलिस वाहन को देखकर पुल से करीब 100 मीटर पहले रुक गई। कार में सवार दो व्यक्ति वाहन से उतरकर पटुआ और केले के खेत की ओर भाग निकले। घना खेत और अंधेरे का फायदा उठाकर दोनों फरार होने में सफल रहे।

राहगीरों ने जब्ती प्रक्रिया में साक्षी बनने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस बल के सिपाही 825 मणिशंकर कुमार और महिला सिपाही 127 प्रिया सिंह को विधिवत साक्षी बनाया गया। कार की तलाशी लेने पर बीच की सीट और डिक्की से आठ प्लास्टिक के बोरे मिले।

अंचलाधिकारी प्रतापगंज कुमार विकास की मौजूदगी में इलेक्ट्रॉनिक तराजू से गांजे की मापी कराई गई। आठों बोरों से क्रमशः 32.350, 32.540, 32.580, 32.570, 32.450, 20.240, 21.180 और 16.130 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। कुल वजन 220.100 किलोग्राम पाया गया।

पुलिस ने पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराते हुए जब्ती सूची तैयार की तथा गांजा और वाहन को जब्त कर थाना ले आई। मामले में फरार दोनों अज्ञात आरोपियों और वाहन मालिक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई में 220.100 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है। कार में सवार दोनों व्यक्ति वाहन छोड़कर फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है तथा वाहन मालिक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Spread the love