संदिग्ध मांस के साथ बुजुर्ग हिरासत में, जांच के लिए भेजा गया सैंपल।
प्रतापगंज (सुपौल): थाना क्षेत्र के गंगसायर गांव में शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने संदिग्ध प्रतिबंधित मांस के साथ एक बुजुर्ग को हिरासत में लिया। पुलिस ने बरामद मांस को जब्त कर वैज्ञानिक जांच के लिए भेज दिया है।
ग्रामीणों के अनुसार, एक बुजुर्ग साइकिल पर प्लास्टिक की बोरी में मांस लेकर जा रहे थे। संदेह होने पर लोगों ने उन्हें रोककर बोरी की जांच की और इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में बुजुर्ग ने बताया कि मांस उन्हें अररिया जिले के फारबिसगंज थाना क्षेत्र के पोठिया गांव के एक व्यक्ति ने दिया था, जिसे प्रतापगंज थाना क्षेत्र के गढ़िया गांव पहुंचाना था। उनके पास से करीब चार किलोग्राम संदिग्ध मांस बरामद हुआ है।
थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि बरामद मांस का नमूना वैज्ञानिक जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मांस किस पशु का है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया के साथ-साथ इस प्रकरण से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

