मुर्गी फार्म में आग लगने से 3500 मुर्गियां जिंदा जली, शार्ट सर्किट बताया गया आग की वजह।
आशीष वर्मा , प्रतापगंज, सुपौल
प्रतापगंज प्रखंड क्षेत्र के भवानीपुर दक्षिण पंचायत वार्ड संख्या 13 निवासी रवि चौधरी के मुर्गा फार्म में सोमवार को शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते करीब 200 फीट लंबे दो मुर्गा फार्म जलकर राख हो गए। घटना में फार्म में मौजूद लगभग 3500 मुर्गियां जिंदा जल गईं। वहीं दो आटा चक्की मशीन भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

घटना की सूचना तत्काल प्रतापगंज थाना को दी गई। सूचना मिलते ही प्रतापगंज थाना से दमकल वाहन मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बाद में भीमपुर थाना क्षेत्र से भी दमकल वाहन मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग और दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोका गया। हालांकि तब तक लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो चुकी थी। पीड़ित रवि चौधरी ने बताया कि इस घटना में 10 लाख रुपये से अधिक की क्षति हुई है। घटना के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

