मंदिर में बजरंगबली प्रतिमा से सोने की आंख चोरी पर विहिप-बजरंग दल में आक्रोश, 48 घंटे में गिरफ्तारी की मांग
आशीष वर्मा , सुपौल , प्रतापगंज
प्रतापगंज बाजार के शंकर चौक स्थित शिवालय में स्थापित बजरंगबली की प्रतिमा से सोने की आंख चोरी होने की घटना को लेकर विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं में आक्रोश व्याप्त है। गुरुवार को शिवालय परिसर में आयोजित बैठक में कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन से मामले का शीघ्र उद्भेदन कर चोरों की गिरफ्तारी की मांग की।
बैठक के बाद बजरंग दल के कोशी संयोजक मुकेश कुमार यादव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि मंदिर में स्थापित बजरंगबली की प्रतिमा से सोने की आंख की चोरी श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था पर सीधा आघात है। उन्होंने कहा कि करीब दो माह पूर्व भी इसी शिवालय से पीतल की घंटी चोरी हुई थी, लेकिन अब तक अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं और मंदिरों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
विहिप एवं बजरंग दल ने स्थानीय थाना पुलिस, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक, सुपौल से मामले की त्वरित जांच कर 48 घंटे के भीतर दोषियों की गिरफ्तारी, चोरी गई सोने की आंख की बरामदगी तथा मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की, तो विहिप एवं बजरंग दल के कार्यकर्ता स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
बैठक में प्रखंड संयोजक ऋतिक यादव, उमेश गांधी, सुनील कुमार उर्फ लालू, अनिल कुमार ठाकुर, सोनू कुमार ठाकुर, श्री प्रसाद साह, गुलाब महतो, बाबुल कुमार, दीपक कुमार, अनिल कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

