स्वच्छता पर्यवेक्षकों को दिया गया प्रशिक्षण, कचरा प्रबंधन की दी जानकारी

आशीष वर्मा , सुपौल

प्रतापगंज। प्रखंड सभागार में बुधवार को स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बीडीओ अमरेश कुमार मिश्रा, बीपीआरओ शिल्पा कुमारी एवं स्वच्छता कोऑर्डिनेटर मो. इस्लाम ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

प्रशिक्षण के दौरान स्वच्छता पर्यवेक्षकों को कचरे के उचित संग्रहण, वर्गीकरण एवं प्रबंधन की जानकारी दी गई। बीपीआरओ शिल्पा कुमारी ने बताया कि अब तक हरे और नीले रंग के दो डस्टबिन का उपयोग गीले एवं सूखे कचरे के संग्रहण के लिए किया जाता था। विभागीय निर्देश के अनुसार 2 अक्टूबर 2026 से प्रत्येक कचरा उठाव करने वाले सफाई कर्मी को हरे और नीले डस्टबिन के साथ लाल एवं काले रंग के डस्टबिन भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि लाल डस्टबिन में मेडिकल वेस्ट तथा काले डस्टबिन में केमिकल युक्त कचरा संग्रहित किया जाएगा। इससे कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में संग्रहित करने और उसके उचित निस्तारण में सुविधा होगी।

बीपीआरओ ने कहा कि 2026 की स्वच्छता नियमावली के अनुसार लोगों को जागरूक करने के बावजूद कचरा फैलाने वाले नागरिकों को ग्राम पंचायत स्तर से नोटिस दिया जाएगा। इसके बाद भी यत्र-तत्र कचरा फेंकने पर पंचायत स्तर से अग्रेतर कार्रवाई की जा सकेगी।

उन्होंने कहा कि कचरा प्रबंधन की व्यवस्था को प्रभावी बनाने में सफाई कर्मियों एवं स्वच्छता पर्यवेक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें कचरे की पहचान, संग्रहण तथा निर्धारित डस्टबिन में कचरा रखने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में संबंधित कर्मियों को स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिम्मेदारी एवं तत्परता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।

Spread the love