दिल्ली में चोरी कर सुखानगर में छिपाया जेवर, पुलिस ने 4.34 लाख नकद समेत 115 किये बरामद ।
प्रतापगंज। दिल्ली के तिमारपुर थाना क्षेत्र से चोरी किए गए सोने-हीरे के जेवरात और नकदी शनिवार रात प्रतापगंज थाना क्षेत्र के सुखानगर गांव से बरामद किए गए। दिल्ली पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से यह कार्रवाई की। बरामद जेवरात की बाजार कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर को तिमारपुर निवासी अनिल कुमार गुप्ता व अनुज कुमार गुप्ता के सूने मकान से चोरी हुई थी। वैज्ञानिक अनुसंधान में निर्मली अनुमंडल के नदी थाना क्षेत्र निवासी अनिल कामत व उसके साथी की संलिप्तता सामने आई। एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर दिल्ली पुलिस अनिल की तलाश में प्रतापगंज पहुंची।
थानाध्यक्ष रौशन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सुखानगर स्थित अनिल के ससुराल की घेराबंदी की, लेकिन अनिल भागने में सफल रहा। तलाशी के दौरान भूसाघर से 4 लाख 34 हजार 650 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ के बाद जमीन में गाड़कर रखे गए जेवरात से भरा बैग भी बरामद किया गया, जिसमें सोने और हीरे के 115 आइटम थे।
मामले में अनिल के ससुर को गिरफ्तार कर लिया गया। सूचना पर एसडीपीओ पवन कुमार भी प्रतापगंज थाना पहुंचे। उन्होंने बताया कि अनिल ने दिल्ली में चोरी के बाद सामान अपने ससुराल में छिपाकर रखा था। दिल्ली पुलिस और प्रतापगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चोरी का सामान बरामद किया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई दिल्ली पुलिस कर रही है।

