प्रतापगंज में निजी स्कूलों की जांच, बीडीओ ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा ।

आशीष वर्मा, सुपौल

प्रतापगंज (सुपौल)। प्रखंड क्षेत्र में संचालित निजी विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था एवं उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति जानने को लेकर बीडीओ अमरेश कुमार मिश्रा ने शनिवार को विभिन्न निजी विद्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में वे सुरयारी स्थित इंटरनेशनल मॉडर्न पब्लिक स्कूल पहुंचे, जहां उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

इस दौरान बीडीओ ने विद्यालय के सभी कक्षा-कक्षों का निरीक्षण करते हुए बच्चों की उपस्थिति एवं उनकी शैक्षणिक स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध खेल सामग्री, कंप्यूटर कक्ष तथा बच्चों के लिए उपलब्ध अन्य सुविधाओं का भी जायजा लिया।

इसके अलावा बीडीओ ने विद्यालय के पंजीकरण, यू-डायस (UDISE) कोड, विद्यालय में नामांकित बच्चों की संख्या सहित कई महत्वपूर्ण जानकारियां विद्यालय प्रबंधन से प्राप्त कीं। उन्होंने विद्यालय के रिकॉर्ड एवं विभिन्न व्यवस्थाओं के संबंध में भी जानकारी ली।

निरीक्षण के बाद बीडीओ अमरेश कुमार मिश्रा ने बताया कि विद्यालय की विधि-व्यवस्था एवं अधिकांश व्यवस्थाएं सही पाई गईं। जांच के दौरान कुछ कमियां भी सामने आई हैं, जिनसे विद्यालय के प्राचार्य को अवगत करा दिया गया है। उन्होंने कमियों को शीघ्र दूर करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि प्रखंड क्षेत्र के निजी विद्यालयों की व्यवस्था, बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं तथा आवश्यक दस्तावेजों की स्थिति की जांच के लिए निरीक्षण का कार्य जारी रहेगा।

Spread the love