नपं सिमराही में मनमाने तरीके से साफ सफाई कर रहे एनजीओ कर्मी
सुरेश सिंह , राघोपुर

नगर पंचायत सिमराही में शनिवार को विभिन्न विकास योजनाओं को लेकर तीसरी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य पार्षद यशोदा देवी ने किया।
इस दौरान पिछले बैठक में लिए गए विभिन्न प्रस्तावों पर होने वाले कार्यों की विस्तार से चर्चा की गई।

इस दौरान मुख्य पार्षद यशोदा देवी ने ईओ मनीषा कुमारी से कार्यालय में चल रहे विभिन्न कामकाज का लेखाजोखा मांगा।
मुख्य पार्षद यशोदा देवी ने कहा कि नवगठित नगर पंचायत सिमराही में पदभार लिए विगत 4 महीने बीत जाने के बावजूद अबतक कार्यपालक पदाधिकारी मनीषा कुमारी द्वारा दफ्तर में हो रहे कामकाज का लेखाजोखा या कोई जानकारी पूरी तरह से उपलब्ध नहीं कराई गई है। उनके कार्यालय कक्ष एवं आम बैठक हॉल को सुचारू रूप से व्यवस्थित नहीं किया गया। कई बार मौखिक और लिखित रूप से कहने के बावजूद ईओ मनीषा कुमारी द्वारा अनदेखी की गई। जिस कारण आमजन और जनप्रतिनिधि दोनों को ही कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कहा कि नगर पंचायत सिमराही के गठित विभिन्न 17 वार्डो के साफ सफाई को लेकर टेंडर नहीं निकाला गया है। ईओ मनीषा कुमारी द्वारा मनमाने तरीके से एनजीओ द्वारा साफ सफाई का कार्य कराया जा रहा है। जिस कारण कर्मियों द्वारा मनमाने तरीके से साफ सफाई की जाती है। इस कारण हो रही बैठक को तत्काल स्थगित कर दिया गया है।
वहीं वार्ड 3 के वार्ड पार्षद सतीश कुमार यादव ने कहा कि उक्त वार्ड में कार्यरत सफाई कर्मी मनमानी करते हैं। जिस कारण इलाके में ठीक से साफ सफाई नहीं रहती है। लोगों को जमा गंदगी से दुर्गंध का सामना करना पड़ता है। लोगों के बीच कई संक्रमित बीमारियों के चपेट में आने की संभावनाएं बनी हुई है। जिस कारण स्थानीय लोगों के बीच आक्रोश देखा जा रहा है।
इधर, बैठक के दौरान वार्ड पार्षद के बदले परिजन पहुंच रहे हैं जबकि यह विभाग द्वारा जारी नियम के खिलाफ है।
बैठक के दौरान उप मुख्य पार्षद विनीता देवी सहित सभी वार्ड पार्षदों ने विभिन्न विकास योजनाओं के खाका तैयार करने को लेकर सुझाव दिए।
मौके पर वार्ड पार्षद उषा देवी, बबलू सादा, सतीश कुमार, कविता देवी, रजिया खातुन, गणेश प्रसाद दास, पूजा कुमारी, रीना देवी, हैयुम, कविता देवी, धीरेन्द्र राम, स्मृति कुमारी, गोपीकांत झा,नसीम, गीता देवी, राजाराम मेहता, बुदनी देवी मौजूद रहे।
——–

