इंटर परीक्षा देकर लौट रही बाइक सवार छात्रा की मौत, चाचा घायल।

रिपोर्ट/ब्रजेश कुमार सिमराही राघोपुर


प्रतापगंज थाना क्षेत्र के श्रीपुर नहर के समीप गुरुवार शाम करीब 7 बजे बाइक से इंटर की परीक्षा देकर वापस घर लौट रही छात्रा की मौत हो गई। वहीं बाइक चालक चाचा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के मुताबिक प्रतापगंज थाना क्षेत्र के चिलौनी उत्तर पंचायत के बेलही वार्ड 1 निवासी रूपम कुमारी (19) पिता अनिल मेहता बीरपुर के एलएन कॉलेज से दूसरी पाली की परीक्षा देकर अपने चाचा सुनील मेहता के साथ बाइक से घर वापस लौट रही थी। इसी क्रम में श्रीपुर नहर के समीप अचानक सुनील मेहता ने बाइक पर नियंत्रण खो दिया। जिस कारण वे दोनों गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। जिसके बाद लोगों की मदद से घायलों को रेफरल अस्पताल राघोपुर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने घायल छात्रा रूपम को मृत घोषित कर दिया। वहीं चाचा सुनील मेहता का फिलहाल उपचार जारी है।
वहीं घटना की जानकारी के बाद मृतक के परिजनों के बीच कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
इधर, घटना को लेकर प्रतापगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि जांच की जा रही है। आवेदन अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
———–

पढ़ने में होनहार थी रूपम

फाइल फोटो

रूपम के पिता अनिल मेहता मजदूर हैं। प्रदेश रहकर किसी तरह परिवार का पालन पोषण करते हैं। रूपम अपने तीन भाई बहनों में सबसे बड़ी थी। वह पढ़ने में काफी होनहार थी। वह बच्चों को पढ़ा कर किसी तरह अपने पढ़ाई और घर के खर्च में सहयोग करती थी। घटना के बाद पूरे परिवार के बीच कोहराम मच गया है। माता-पिता सहित भाई बहनों का रो रो कर बुरा हाल है। वहीं घटना की सूचना के बाद पूरा इलाका सहम गया।
——–

Spread the love