” कृषि कर्मियों और जनप्रतिनिधियों ने मिलकर करवाया हजारो बोरी यूरिया का शांतिपूर्ण वितरण”
रिपोर्ट:-विकास आनन्द, राघोपुर

रबी सीजन में गेँहू और मक्का में पहला पटवन होते ही एकाएक यूरिया की भारी डिमांड के कारण किसानों में यूरिया खाद के लिए मारामारी की हालत बनी हुई है। यूरिया खाद पहुँचते ही प्रखण्ड मुख्यालय के सिमराही नगर पंचायत के दर्जनों खाद दुकानों में सैकड़ो किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। किसानों की भीड़ इतनी ज्यादे थी कि कृषि विभाग के प्रतिनुयुक्त किसान सलाहकार और कृषि समन्वयक से किसानों की भीड़ संभल नही रही थी। वो भी ऐसे हालात में जब पूरे राघोपुर प्रखण्ड में सिर्फ नगर पंचायत सिमराही के मात्र दो अनुज्ञप्तिधारी बिक्रेता मेसर्स मुस्कान ट्रेडिंग और मेसर्स उमेश ट्रेडिंग में ही यूरिया की आपूर्ति हुई है, हजारों की संख्या में किसान दोनों बिक्रेता के पास बेकाबू भीड़ लगाए हुए हैं।

स्थिति को देखते हुए सिमराही पंचायत के कृषि समन्वयक नवल किशोर वर्मा और बिनोद कुमार ने स्थानीय जनप्रतिनिधि फिंगलास पंचायत के मुखिया प्रकाश यादव और किसान सलाहकार प्रभाकर कुमार और सुनील जायसवाल के सहयोग से दोनों खाद दुकानों पर किसानों के भीड़ को काबू में करके शांतिपूर्ण ढंग से हजारों किसानों के बीच उचित मूल्य पर यूरिया का वितरण करवाया।

कृषि समन्वयक नवल किशोर और नोडल पदाधिकारी बीरेन्द्र कुमार ने बताया कि खाद दुकानों का निरक्षण कर उचित दर पर यूरिया का वितरण सिमराही सहित पूरे राघोपुर प्रखण्ड के खाद बिक्रेताओ के यहाँ विभाग द्वारा प्रतिनुयुक्त कृषि कर्मी की उपस्थिति में विधिवत तरीके से पॉस मशीन से करवाया जा रहा है। हालांकि अभी पहला पटवन होने के कारण मक्का और गेँहू फसल में यूरिया की माँग अत्यधिक होने के कारण खाद बिक्रेताओ के पास पर्याप्त स्टॉक नही होता है, जिस कारण जिन्हें ज्यादे खेती है, उन्हें अपने खेत के रकबा के मुताबिक खाद उपलब्ध नही हो पा रहा है। वही प्रखण्ड कृषि पदाधिकारी राकेश कुमार मिश्र ने बताया कि आज मधेपुरा रेक इफ्को कंपनी के यूरिया का लग गया है और सहरसा रेक पर आईपीएल यूरिया जल्द लग जाएगा, जिसके बाद काफी हद तक यूरिया समस्या का समाधान हो जाएगा।

