करजाइन में नाबालिग के गला काटने के प्रयास मामले में कार्रवाई नहीं, सौंपा ज्ञापन
रिपोर्ट/ब्रजेश कुमार सिमराही राघोपुर
करजाइन थाना क्षेत्र के वार्ड 15 में आपसी रंजिश में एक नाबालिग की गला रेत कर घायल करने और बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों को गंभीर रूप से मारपीट कर घायल करने का मामला सोमवार को प्रकाश में आया है।
पीड़ितों ने मामले में बीरपुर कोर्ट में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराने के अलावे कोसी प्रमंडल आयुक्त गोरखनाथ, डीएम कौशल कुमार और एसडीएम बीरपुर कुमार सतेन्द यादव को ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।
बीरपुर कोर्ट में दिए गए आवेदन में करजाइन पंचायत वार्ड 15 निवासी पीड़ित महिला दुलारी देवी (25) ने कहा कि बीते 17 सितंबर को घर के समीप ही उनकी रिश्ते की भतीजी पिंकी कुमारी को जबरन पकड़कर उसके ही पड़ोसी राजेन्द्र दास (38) जोगिंदर दास (30) और प्रदीप दास (40) धारदार हथियार से गला रेत रहा था। जिसे देखकर वह शोर मचाते हुए बचाव करने पहुंची। जिसके बाद पिंकी का जान बचाया जा सका। इस बीच आरोपियों ने मौके पर पहुंचे उसके पति उमेश दास और दुलारी देवी को रॉड से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर अधमरा कर दिया।
घटना के बाद परिजनों और लोगों की मदद से तीनों को ईलाज के लिए रेफरल अस्पताल राघोपुर में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पीड़ित उमेश को बेहतर ईलाज के लिए सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया गया।
पीड़ित महिला का आरोप है कि घटना के बाद उन्होंने करजाइन थाना में आवेदन दिया, लेकिन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज नहीं हुआ।
जिसके बाद डीएम और एसपी को आवेदन देकर उन्होंने शिकायत की। हालांकि इसके बाद थानाध्यक्ष के द्वारा आवेदन चेंज कराकर केस दर्ज किया गया।
———-
घटना के बाद केस उठाने के लिए दिया जा रहा दबाव
पीड़ित महिला दुलारी देवी ने बताया कि घटना के बाद आरोपियों द्वारा डरा धमकाकर केस उठाने को लेकर दबाव दिया जा रहा है। कहा कि उसके पति उमेश मामूली मजदूर है। किसी तरह परिवार का पालन-पोषण करते हैं। कई बार मजदूरी को लेकर वह घर से बाहर रहते हैं। ऐसे में आरोपियों के खिलाफ किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं होने पर उनलोगों का मनोबल बढ़ गया है। जिस कारण उन्हें अपने पति सहित परिवार वालों की चिंता बनी रहती है। कभी भी अनहोनी होने की आशंका बनी हुई है। उन्होंने आला अधिकारियों से मामले की जांच करा कर आरोपियों पर सख्ती से कार्रवाई की मांग की
——–

घटना मेरे संज्ञान में अबतक नहीं है। मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पंकज कुमार मिश्रा, एसडीपीओ बीरपुर

