सिमराही में एक घर से चोरी हुए मासूम को 112 पुलिस ने किया बरामद
रिपोर्ट/ब्रजेश कुमार सिमराही राघोपुर
राघोपुर थाना क्षेत्र के नगर पंचायत सिमराही वार्ड 3 निवासी सोनी खातून की महज 16 दिनों के नवजात पुत्र की चोरी होने के बाद सिमराही 112 वैन पुलिस की मदद से 24 घंटे के भीतर उसे बरामद कर लिया गया है।

दरअसल, नगर पंचायत सिमराही वार्ड 3 निवासी सोनी खातून की महज 16 दिनों के एक नवजात पुत्र सरताज को किसी ने गुरुवार की देर रात घर से चोरी कर लिया। घटना के बाद पीड़ित महिला ने राघोपुर थाना में शिकायत की। जिसके बाद राघोपुर थाना पुलिस तत्परता के साथ नवजात को तलाश करने में जुट गई। इसी बीच किसी ने 112 नंबर पर कॉल कर नरहा मोड़ के पास एक नवजात मिलने की सूचना दी और इसे एक नर्सिंग होम में ईलाज के लिए भर्ती कराने की बात कही। जिसके बाद पटना टीम से सूचना मिलने के बाद सिमराही बाजार में तैनात 112 वैन पर पुलिस पदाधिकारी रामप्रवेश कुमार ने उक्त नर्सिंग होम में पड़ताल की और नवजात को अपने कब्जे में लिया।

जिसके बाद पीड़ित महिला सोनी खातून को सूचना देकर एक नवजात के मिलने और उसके पहचान करने को लेकर बुलाया गया। जहां महिला ने मिले नवजात की पहचान की और उसे चोरी हुए अपने पुत्र सरताज होने का दावा किया। जिसके बाद 112 पुलिस ने मिले नवजात को मां के हाथों में सुपुर्द कर दिया।
इधर, चोरी हुए नवजात के मिलने और पुलिस की इस सफलता पर लोगों के बीच हर्ष का माहौल है। लोग 112 पुलिस को धन्यवाद ज्ञापन कर रहे हैं। खासकर 112 वैन पर तैनात पुलिस पदाधिकारी रामप्रवेश कुमार की लोग खूब तारीफ कर रहे हैं।

