राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के नगर पंचायत सिमराही में मां कालिका मंदिर के प्रांगण में मंगलवार की संध्या काली पूजा के मौके पर भव्य जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
रिपोर्ट/ब्रजेश कुमार सिमराही राघोपुर
सिमराही नगर पंचायत अंतर्गत एफसीआई रोड स्थित श्री श्री 108 मां दक्षिण कालिका मंदिर के प्रांगण में मंगलवार की संध्या काली पूजा के मौके पर भव्य जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जहां मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ अजय कुमार झा, भाजपा जिलाध्यक्ष रामकुमार राय, भाजपा नेता सचिन माधोगड़िया, समाजसेवी धीरेंद्र यादव मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान सर्वप्रथम सभी अतिथियों का शॉल एवं पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। साथ ही कमिटी सदस्यों का भी अंगवस्त्र से सम्मान किया गया। जिसके बाद सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कार्यक्रम का विधिवत उदघाटन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में लोग अपनी संस्कृति को भूलते जा रहे हैं, लेकिन इस तरह के आयोजन से ही कही न कही आज हमारी संस्कृति जिन्दा है। कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम होते रहना चाहिए, इससे समाज मे एकजुटता आती है।

जागरण कार्यक्रम के दौरान मोतिहारी जिला से आया महाकाल ग्रुप का विशिष्ट झांकी मुख्य आकर्षण का केंद्र बना रहा। स्थानीय कलाकार लालू के नेतृत्व में कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं के बीच पूरी रात समा बांधे रखा। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मेलोडी सुर संगम के संचालक सह स्थानीय कलाकार लालू ने गणेश वंदना के साथ किया, जिसके बाद गायक लालू के अन्य भक्ति गीतों को भी दर्शकों ने काफी सराहा। वहीं मुजफ्फरपुर से आये गायक प्रीतम चक्रधारी ने भी भक्तिमय गीतों से लोगों का खूब ताली बटोरा। गायिका खुशबू सिंह ने अपने भक्तिमय गीतों से पूरी रात दर्शकों को भक्तिरस में गोता लगवाया।

