अररिया /फॉरबिसगंज :सड़क किनारे बना गड्ढा दे रहा हादसे को दावत ।

 

फारबिसगंज प्रखण्ड क्षेत्र के सैफगंज से लक्ष्मीपुर जाने वाली सड़क के किनारे पुल के पास पर बना गहरा गड्ढा ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है।दिनभर यहां लोगों का आना-जाना लगा रहता है। रात के समय गड्ढा दिखाई नहीं देने से लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि गड्ढे से कई लोग चोटिल हो रहे हैं। ग्रामीण करण कुमार मंडल ने बताया कि वह भी कई बार इस गड्ढे से बचे हैं। क्योंकि दिन के समय में तो यह गड्ढा दिखाई देता है, लेकिन रात के समय में इसका पता नहीं चलता और लोग हादसे का शिकार हो जाते हैं। वाहन चालक सूरज भगत ने बताया कि सड़क पर गड्ढे के कारण दुर्घटनाओं की हमेशा आशंका बनी रहती है। यहां आए दिन वाहन चालक असंतुलित हो जाते है। सबसे ज्यादा घटनाएं शाम में होती है। इसका एक कारण अंधेरे में गड्ढे के दिखाई नहीं देना है।


वही समाजिक कार्यकर्ता बाबू मंडल का कहना है कि गड्ढा सड़क के बिल्कुल किनारे पर बना हुआ है। गड्ढे के कारण रात के समय वाहन चालकों की परेशानी अधिक बढ़ जाती है। रात के समय सड़क पर रोशनी की उचित व्यवस्था नहीं है। वहीं वाहनों की लाइटों में गड्ढा स्पष्ट दिखाई नहीं देता। कई बार वाहन चालक गड्ढे में गिरकर हादसे का शिकार हो चुके हैं। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से सड़क किनारे बने गड्ढे को बंद करने की मांग की है।

Spread the love