जल्द होगा लक्ष्मीनियां पंचायत खुले में शौच से मुक्त, उठाए जा रहे आवश्यक कदम।।

रिपोर्ट:-अमृत सागर झा, बलुआ बाजार

छातापुर प्रखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत लक्ष्मीनियां अंतर्गत पंचायत भवन में सोमवार को लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान अंतर्गत पंचायत में शौचालय निर्माण हेतु एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पंचायत की मुखिया चांदनी कुमारी ने किया। बैठक में पंचायत के स्वच्छता पर्यवेक्षक के अलावे सभी वार्ड सदस्य ने भाग लिया। बैठक को संबोधित करते हुए पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि रोशन झा ने बताया कि 1 महीने के अंदर पंचायत में जितने भी शौचालय निर्माण कार्य अधूरे पड़े हैं उन्हें पूर्ण कराया जाएगा। जिन लोगों ने अपना शौचालय निर्माण करा लिया है और उन्हें सरकार की तरफ से सहायता राशि नहीं मिली है उन्हें जल्द से जल्द सहायता राशि प्रदान की जाएगी। कहा कि वार्ड सदस्य के माध्यम से प्रत्येक घर घर का सर्वे किया जा रहा है। जिससे कि सही लाभार्थियों को शौचालय निर्माण हेतु सहयोग राशि प्रदान किया जा सके।

कहा कि पंचायत को स्वच्छ एवं स्वस्थ रखना सभी लोगों की जिम्मेदारी है। 1 महीने के अंदर पूरे पंचायत को खुले में शौच से मुक्त किया जाएगा। लगातार विभिन्न माध्यमों से लोगों को शौचालय बनाने हेतु जागरूक किया जा रहा है। कहा कि जल्द पंचायत में एसएलडब्ल्यूएम के अंतर्गत कचरा एवं अपशिष्ट प्रबंधन हेतु भी कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत सभी वार्डों से दो दो स्वच्छता कर्मी की नियुक्ति भी की जा रही है। पंचायत के सभी गलियों सभी सड़कों एवं सभी लोगों के घरों को साफ सुथरा एवं सुंदर बनाना पंचायत का प्राथमिक उद्देश्य है। मौके पर स्वच्छता पर्यवेक्षक तलत परवीन, उपमुखिया वीरेंद्र यादव, वार्ड सदस्य मोहम्मद रुस्तम, मोहम्मद जिब्रान, राजीव झा ,विनय कुमार झा, शिवकांत मुखिया, सुरेंद्र राम, तसव्वर आलम, शाहिद खान, गिरानंद पासवान, सरयुग साह, अमरेंद्र राय, इत्यादि लोग उपस्थित थे।

Spread the love