75 साल बाद हुआ पुल निर्माण कार्य शुरू,संवेदक की लचर व्यवस्था के कारण से 20 दिनों से कार्य पूरी तरह बाधित।।
अमृत सागर झा, बलुआ बाजार

छातापुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मीनियाँ पंचायत में बलुआ- उधमपुर पथ से निकलकर ललितग्राम रेलवे स्टेशन और ललितग्राम ओपी को जोड़ने वाली सड़क के बीच में गैडा नदी पर निर्माण हो रहे पुल कार्य 20 दिनों से बाधित है।

आपको बताते चलें कि प्रखंड में सर्वाधिक जनसंख्या वाला पंचायत है लक्ष्मीनियाँ, जिसमें गैडा नदी पर पुल नही रहने से लक्ष्मीनियाँ सहित डोडरा, मधुबनी एवं अन्य जगह के करीबन 20 हजार लोग पूरी तरह से प्रभावित है। वही स्थानीय लोगो को ललितग्राम रेलवे स्टेशन या ललितग्राम ओपी जाने के 8 से 10 किलोमीटर का रास्ता अधीक तय करना पड़ता है। 2008 से पूर्व लोग चाचरी के सहारे नदी पार कर लिया करते थे, लेकिन 2008 में आए कुसहा त्रासदी के प्रलयकारी बाढ़ के बाद नदी ने अपना रास्ता बदलकर 3 भाग में बहने लगी है, जिससे लोगों का आवागमन पूरी तरह से चौपट हो गया है। इधर नदी पर पुल निर्माण से पूर्व ललितग्राम रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का परिचालन नियमित रूप से शुरू हो गया है। जिससे अब लोगों को ट्रेन पकड़ने के लिए भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

अब वर्तमान स्थिति यह है कि नदी पर पुल निर्माण कार्य पिछले डेढ़ महीना से नियमित रूप से चल रहा था, पर पिछले 15 से 20 दिनों से पुल का निर्माण कार्य पूरी तरह से ठप पड़ गया है। जिससे पुल ढलाई कार्य के लिए बांधे गए सरिया को रुक-रुक कर हो रही बारिश और धूल की वजह से जंग खा रहा है। वहीं अगले महीने तक पुल निर्माण का समापन नहीं होने के बाद मॉनसून सत्र शुरू हो जाएगा, जिसमें पुल निर्माण कार्य पूरी तरह से बाधित हो जाएगा। निर्माण कार्य स्थल पर कार्यरत स्थानीय मुंशी संतोष झा बताते हैं कि संवेदक के द्वारा पुल निर्माण कार्य कर रहे मिस्त्री का फोन नहीं उठाया जा रहा है , और ना ही निर्माण कार्य के लिए मैट्रियल उपलब्ध कराया जा रहा है। इधर जानकारी देते हुए पुल निर्माण कार्य कर रहे मिस्त्री हनीफ बताते हैं कि पुल निर्माण कार्य के शुरुआती दौर में कार्य के दौरान काफी गति थी। परंतु पिछले कुछ दिनों से मैट्रियल की समाप्ति के बाद संवेदक द्वारा फोन नहीं उठाया जा रहा था। इस दौरान पुल के ऊपरी भाग के ढलाई हेतु सरिया बांधकर सेट्रिंग लगाया जा चुका है, पर सभी लेबर बालू , सीमेंट ,गिट्टी की कमी के वजह से 15 दिनों से बिना कार्य के बैठे थे, वही अभी तक पुल का ढलाई नहीं होने के कारण से सेट्रिंग का देहाती भाड़ा लग रहा है। अब वर्तमान में एक ट्रेलर बालू गिट्टी निर्माण कार्य स्थल पर मंगवाया गया है, परंतु इतने कम मैटेरियल से ढलाई का समापन नहीं हो पाएगी।

इस संदर्भ में जानकारी देते हुए त्रिवेणीगंज के ग्रामीण कार्य विभाग के जेई अवधेश कुमार ने बताया कि विभाग में पैसे की कमी के कारण कार्य रुका हुआ है। उन्होंने बताया कि उक्त स्थल पर जल्द कार्य को शुरू किया जाएगा। इसके लिए संबंधित संवेदक को बोल दिया गया है।

