बीस लीटर देशी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, भेजे गए जेल।
आशीष वर्मा , प्रतापगंज, सुपौल
प्रतापगंज थाना पुलिस ने सोमवार शाम को अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना क्षेत्र के तेकुना पंचायत अंतर्गत इमामपट्टी में बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 लीटर देशी शराब बरामद की। इस दौरान शराब तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल को जब्त करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ठेकुआ पंचायत के वार्ड संख्या 10 निवासी सूरज कुमार एवं मनोज कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को शराब के साथ मौके से गिरफ्तार कर थाना लाया, जहां पूछताछ के बाद उनके विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर इमामपट्टी में वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक संदिग्ध अवस्था में आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली तो उनके कब्जे से 20 लीटर देशी शराब बरामद हुई। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर शराब और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतापगंज थाना क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इस धंधे में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

