प्रतापगंज में दिव्यांगता प्रमाणीकरण शिविर, 110 बच्चों का हुआ निबंधन।

आशीष वर्मा, सुपौल, प्रतापगंज

प्रतापगंज। बिहार शिक्षा परियोजना, सुपौल के तत्वावधान में शनिवार को प्रतापगंज प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) परिसर में दिव्यांग बच्चों के लिए दिव्यांगता प्रमाणीकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 6 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों की जांच एवं दिव्यांगता प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी की गई। इसमें सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त विभिन्न प्रकार की दिव्यांगताओं से संबंधित बच्चों की जांच की गई।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं संबंधित कर्मियों की टीम ने बच्चों की स्वास्थ्य जांच कर उनकी दिव्यांगता का आकलन किया। समाचार प्रेषण तक कुल 110 दिव्यांग बच्चों का निबंधन किया गया। जांच के बाद 35 बच्चों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किया गया, जबकि 12 बच्चों को विस्तृत चिकित्सा परीक्षण एवं प्रमाणन के लिए सदर अस्पताल सुपौल रेफर किया गया।

शिविर में डॉ. ज्योति रानी (साइकोलॉजिस्ट), डॉ. राजेश कुमार (ओटी), पुष्कर कुमार, अंकित कुमार, सैलजानंद, राजीव कुमार, अश्वनी, सीएचसी प्रतापगंज के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आनंद कुमार सिंह, डॉ. अहमतुल्लाह, सुधांशु कुमार, काजल कुमारी, संगम कुमारी, अभय मंडल सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। वहीं बीआरसी की ओर से धर्मराज, नीतीश, शिव कुमार आदि ने शिविर के सफल संचालन में सहयोग किया।

अधिकारियों ने बताया कि दिव्यांग बच्चों को प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने का उद्देश्य उन्हें सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ दिलाना है। प्रमाण पत्र मिलने के बाद बच्चों को शिक्षा, छात्रवृत्ति सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी। शिविर को दिव्यांग बच्चों को सरकारी सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।

Spread the love