इंस्टाग्राम से परवान चढ़ा प्यार, फिर शादी, चार दिन बाद NH-27 पर छोड़कर हुआ फरार।
आशीष वर्मा , सुपौल
प्रतापगंज (सुपौल): इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती प्यार में बदली, फिर शादी तक पहुंची। लेकिन शादी के चार दिन बाद ही युवक अपनी नवविवाहिता को एनएच-27 पर छोड़कर फरार हो गया। पीड़िता शुक्रवार को न्याय की गुहार लेकर प्रतापगंज थाना पहुंची। भीड़ जुटने पर पुलिस उसे थाना परिसर ले गई।
पीड़िता के अनुसार, डेढ़ साल पहले इंस्टाग्राम पर प्रखंड के सुरजापुर पंचायत के बुधनगरिया निवासी एक लड़के से पहचान हुई थी। बातचीत के दौरान प्रेम संबंध हो गया।
बताया कि 14 सितंबर की रात प्रेमी बसंतपुर पंचायत के हृदयनगर स्थित उसके घर पहुंचा। परिजनों को जानकारी हुई तो दोनों को पकड़कर सामाजिक स्तर पर शादी करा दी गई।
आरोप है कि शादी के चार दिन बाद लड़का ससुराल से अपने घर ले जाने के लिए निकला और रास्ते में एनएच-27 पर छोड़कर भाग गया।
पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की मांग की है।
थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि लड़की के परिजनों को सूचना दी गई है, परिजनों के आने पर उसे सौंप दिया जाएगा।

