सिमराही में बढ़ रही आपराधिक घटनाएं, व्यावसियो ने बाजार बंद कर धरना प्रदर्शन किया।

विकास आनन्द ,कोसी ब्यूरो चीफ 

जिले की व्यापारिक हृदयस्थली सिमराही नगर पंचायत में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के विरोध में व्यापार संघ के आवाहन पर बाजार को बंद करके विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान व्यवसाय वर्ग ने आपातकालीन बैठक की साथ सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया।व्यवसायियों ने कहा कि एक दिवसीय बाजार बंद कर विरोध जताया है।


पुलिस अधीक्षक सुपौल को लिखे आवेदन के माध्यम से प्रशासन को 48 घंटो का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करेगी तो चरणबद्ध तरीके से 22 मई को आंदोलन करेंगे। 17 मई को एक मोबाइल शो रूम के मालिक मिथिलेश चौधरी को अपराधियों ने लूटपाट कर निर्मम हत्या कर दी है।
18 मई को सिमराही नगर पंचायत के वार्ड नंबर 7 में एक व्यावसायी के परिवार वालों को अपराधियों ने गोली मारने की धमकी दी थी। बढ़ती आपराधिक घटनाओं के मद्देनज़र रविवार को व्यापार संघ सिमराही के अध्यक्ष ललित चौधरी ने शहर के एक निजी होटल में आपातकालीन बैठक कर बाजारों को बंद करने का निर्णय लिया।

व्यापार संघ के अध्यक्ष ललित चौधरी ने बताया कि बीते 4 मई को व्यावसायिक कृष्ण मोहन भगत के दुकान से दिनदहाड़े लूट की घटना सामने आई। 9 मई को इंद्र भूषण शाह के आवासीय घर से अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। इस महीने में देखा जाए तो कई ऐसी वारदात है जिससे व्यवसायियों में खौफ व्याप्त है। इसी के मद्देनज़र राष्ट्रीय वैश्य समाज के जिला अध्यक्ष शत्रुघ्न प्रसाद चौधरी के निर्देश पर सिमराही नगर पंचायत के बाजारों को सभी ने बंद किया है।साथ ही विरोध प्रदर्शन पुलिस प्रशासन के खिलाफ किया गया है। उन्होंने कहा कि अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं। पुलिस उन लोगों को जल्द गिरफ्तार करें। इसके लिए ही आज एक दिवसीय विरोध प्रदर्शन किया गया है। वही अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर जल्द गिरफ्तार नहीं किए गए अपराधी तो चरणबद्ध तरीके से आंदोलन को रूपरेखा देकर बढ़ाया जाएगा।

बाजार बंदी के बाद सिमराही के व्यावसियो ने जेपी गोलंबर चौक पर धरना देकर प्रशासन के खिलाफ खूब नारेबाजी की। व्यापार संघ अध्यक्ष ललित जायसवाल की अध्यक्षता में धरना पर बैठे सैकड़ो व्यावसियो को आखिरकार राघोपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार और अंचलाधिकारी राघोपुर रश्मि प्रिया द्वारा व्यापारियों की सुरक्षा और जल्द ही अपराधियों के पकड़ने के आस्वाशन पर धरना को समाप्त किया गया।

Spread the love