लक्ष्मी कान्त झा ,करजाईन

विश्व में बज रहा है भारत का डंका = सम्राट

करजाईन:- सुपौल लोक सभा क्षेत्र से एनडीए उम्मीदवार दिलेश्वर कामत के पक्ष में मध्य विद्यालय करजाईन के मैदान पर जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमें एनडीए के प्रदेश स्तरीय नेताओं ने पहुंचकर एनडीए प्रत्याशी दिलेश्वर कामत को भारी मतों से विजय बनाने की अपील की। सभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मोदी एवं नीतीश सरकार के कार्यकाल की उपलब्धि बताते हुए कहा कि आज विश्व में भारत का डंका बज रहा है। भारत की अर्थव्यवस्था आज विश्व में पांचवें स्थान पर है। जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि नीतीश एवं नरेंद्र मोदी की जोड़ी ने आज घर-घर बिजली पहुंचाने का काम किया है। गरीबों को मुफ्त अनाज मिल रहा है। किसानों के खाते में रुपया पहुंच रहा है रसोई गैस मुफ्त मिला है। आज लोगों को आरक्षण के नाम पर भ्रमित किया जा रहा है, जबकि लालू प्रसाद यादव के लिए आरक्षण सिर्फ उनके परिवार है उन्होंने कहा कि मोदी जी के कार्यकाल में एक झटके में 370 हटा दिया गया। तीन तलाक हटा दिया गया।

अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण किया गया। उन्होंने कहा कि लव कुश समाज के होने के नाते हम लोगों का कर्तव्य है कि जो राम को लाए हैं उनको भी दिल से समर्थन करें। वही उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह चुनाव बिहार के अस्मिता का है। हम बिहारी को अपनी पहचान बनाने के लिए जमीन से जुड़े नेता नरेंद्र मोदी को फिर से सत्ता में लाना है। साथ ही कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विकास के प्रतीक हैं। इन दोनों के कार्यकाल में बिहार एवं देश नई ऊंचाई छू रहा है। इसलिए इसी गति को बनाए रखने के लिए फिर से एनडीए की सरकार बनाने में आपका सहयोग जरूरी है। सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार को बरकरार रखना है। उन्होंने खास करके अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लोगों से अनुरोध करते हुए कहा कि उनके हित एनडीए में ही सुरक्षित है। इसलिए दलित समाज के विकास एवं सुरक्षा के लिए नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि 2005 से पहले हमारी क्या स्थिति थी। हमारी जमीन हड़पी जाती थी। हम पर अत्याचार किया जाता था। इसलिए इसे याद करते हुए सुपौल लोकसभा से दिलेश्वर कामत को अपना मत देकर नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत करें। सभा को ऊर्जा मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव कैबिनेट मंत्री नीरज कुमार सिंह बबलू सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया इस अवसर पर इंडिया गठबंधन के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

Spread the love