ऑटो और बाइक में टक्कर, फिर रेफरल अस्पताल में दोनों पक्ष भिड़े

रिपोर्ट/ ब्रजेश कुमार सिमराही राघोपुर

करजाईन थाना क्षेत्र के बायसी काली मंदिर के पास शनिवार दोपहर एक ऑटो और बाइक में टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार एक महिला घायल हो गई। घटना के बाद घायल महिला को उसी ऑटो से इलाज के राघोपुर रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां महिला का उपचार चल रहा है।


बताया जाता है कि करजाईन थाना क्षेत्र के लालमनपट्टी निवासी रूपेश कुमार यादव (22) अपनी चाची संजू देवी (35) पति संजीत यादव के साथ एक बाइक से बायसी काली मंदिर पूजा के लिए गया था। वापस लौटने के क्रम में मंदिर के पास एक ऑटो से उसकी टक्कर हो गई। जिसमें बाइक सवार संजू देवी घायल हो गई। घटना के बाद ठोकर की आवाज सुनकर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने घायल महिला को इलाज के लिए उसी ऑटो से राघोपुर रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां महिला को इलाज के लिए भर्ती किया।
इस दौरान घटना को लेकर ऑटो और बाइक चालक के बीच बहस होने लगी। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच ईट-पत्थर चलने लगे। कुछ देर के लिए अस्पताल परिसर में अफरा तफरी का माहौल बन गया। वहीं सूचना मिलने के बाद राघोपुर थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति पर काबू पाया।


विशनपुर दौलतपुर निवासी ऑटो चालक के भाई प्रवीण कुमार राम ने बताया कि उसका भाई शंकर कुमार राम ऑटो चालक का काम करता है। शनिवार को वह यात्री को लेकर बायसी गया था। वापस लौटने के क्रम में बाइक से टक्कर हो गई। इस बीच रेफरल अस्पताल में बाइक चालक रूपेश ने ऑटो की चाबी रख लिया। जिस कारण दोनों पक्षों में मारपीट हो गई।
मामले को लेकर राघोपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि घटना को लेकर जांच पड़ताल की जा रही है। आवेदन अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love