घटिया निर्माण सामग्री से बन रहा स्कूल, दाव पर बच्चों का भविष्य
प्राथमिक विद्यालय कलानंद साह टोला कटहरा का मामला, गुणवत्ता के साथ हो रहा है खिलवाड़।
सुपौल जिला अंतर्गत छातापुर प्रखंड में अब जिला परिषद मद की योजनाओं में भी बिचौलियों की मनमानी चल रही है। जानकारी अनुसार जिला परिषद क्षेत्र संख्या 20 के कटहरा पंचायत में संचालित प्राथमिक विद्यालय कलानंद साह टोला में वर्षों बाद जिला परिषद सदस्य सुशीला देवी के द्वारा भवन निर्माण हेतु तकरीबन 15 लाख की राशि प्राक्कलित की गई है। बच्चों को बेहतर सुविधा मुहैया कराने के उद्देश्य से विद्यालय भवन निर्माण का कार्य आरंभ है जिसमें ठेकेदारी प्रथा का प्रवेश हो चुका है। जब अब बिचौलिया तो अपनी करामात दिखाएगा ही सो बच्चों के भविष्य व सुरक्षा को दांव पर लगाते हुए धड़ल्ले से मिट्टी मिले लोकल नदी के सफेद बालू से इमारत बुलंद की जा रही है और जिम्मेदार मौन साधे हुए हैं। स्थलीय हालात का जायजा लेने पर देखा गया कि भवन का निर्माण कुर्सी लेवल तक पूरा कर लिया गया है और अब दीवार का निर्माण कार्य प्रगति पर है। कार्य पर लगे मजदूर सरेआम लोकल बालू से मसाला तैयार कर रहे थे और मिस्त्री उसी मसाला से दीवार को ऊंचाई प्रदान कर रहे थे। भवन में 10 एमएम का सरिया लगा था तो पिलर के सरिया को छह एम एम का बलिया पहनाया गया था।

कार्य स्थल पर पूर्व पंसस मो हकीम भवन निर्माण कार्य करवा रहे थे जिन्होंने लोकल बालू के उपयोग की बात स्वीकारी और दावे के साथ कहा कि उनकी पहुंच जिला स्तरीय पदाधिकारी तक है। कार्य करवाने वाले मो हकीम की हिमाकत तब उजागर होती है जब उन्होंने जेई के मना करने पर भी धड़ल्ले से लोकल बालू का उपयोग कर बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। पता करने पर ज्ञात हुआ कि उक्त भवन के तकनीकी देखरेख की जिम्मेदारी जेई सत्येन्द्र कुमार को दी गई है। मामले में पूछने पर जेई सत्येन्द्र कुमार ने बताया कि कार्य स्थल पर लोकल बालू से काम की जानकारी मिली थी। मैंने लोकल बालू के उपयोग से मना किया था। मैं स्वयं स्थलीय निरीक्षण करुंगा और गुणवत्तापूर्ण कार्य हर हाल में संपन्न कराया जाएगा।

