मधेपुरा पुलिस ने हथियार समेत विदेशी शराब के साथ चार शराब माफिया को किया गिरफ्तार……
–मुकेश कुमार मधेपुरा
मधेपुरा पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब, नगदी और अवैध हथियार समेत 4 युवकों को गिरफ्तार किया है.गिरफ्तार युवकों के पास से एक ब्राण्ड न्यू टाटा नेक्सॉन कार, 4 कार्टून अवैध विदेशी शराब, 4 मोबाइल, एक देसी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, 1 लाख 4 हजार रुपए नगद और एक लैपटॉप बरामद किया है.मधेपुरा सदर एएसपी प्रवेंद्र भारती ने सदर थाना में प्रेस कांफ्रेंस कर l जानकारी देते हुए बताया कि रात करीब 3:30 बजे पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि मधेपुरा-सिंहेश्वर मुख्य मार्ग में किरण पब्लिक स्कूल के सामने सड़क किनारे एक चार पहिया वाहन से अवैध शराब उतारा जा रहा है. सूचना के बाद सदर थाना अध्यक्ष ने इसकी जानकारी वरीय पुलिस पदाधिकारी को दी एवं उनके निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक टीम बनाया गया.

गठित टीम ने सूचना वाली जगह पर पहुंचकर छापेमारी शुरू किया तो छापेमारी के दौरान एक युवक अपने हाथ में कार्टून लेकर तेजी से बगल के मकान में घुस गया. घर में घुसे युवक का पीछा करने पर घर के प्रथम तले पर स्थित कमरे से दो कार्टून शराब और दो अन्य लड़के को गिरफ्तार किया गया. कार की तलाशी लेने पर उसमें से दो कार्टून विदेशी शराब बरामद किया गया. जबकि सामने वाले मकान में तलाशी करने पर वहां से भी शराब का 2 कार्टन बरामद किया गया. उन्होंने बताया कि कार के ड्राइविंग सीट पर बैठे युवक के कमर से एक लोडेड देसी पिस्टल बरामद किया गया. गिरफ्तार युवकों में घैलाढ़ थाना क्षेत्र के रामनगर वार्ड-12 निवासी अजय यादव का पुत्र प्रशांत कुमार, शंकरपुर थाना क्षेत्र के जिरवा वार्ड 3 निवासी विजय कुमार का पुत्र रंजन कुमार, सदर थाना क्षेत्र के कृष्णापुरी मोहल्ला वार्ड 4 निवासी शशि कुमार का पुत्र सानू कुमार और नौलखिया वार्ड एक निवासी स्व. बद्री यादव का पुत्र छोटू कुमार शामिल है. उन्होंने बताया कि प्रशांत कुमार पेशेवर प्रतिबंधित कफ सिरप, कोरेक्स और शराब माफिया है. कुछ दिन पहले उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा छापेमारी की जा रही थी.

छापेमारी के दौरान वह पुलिस की गाड़ी पर हमला कर फरार हो गया था. अवैध शराब और प्रतिबंधित कफ सिरप के धंधे से कमाए हुए पैसे से प्रशांत ने इस घटना में प्रयोग की गई वाहन खरीदा है ।

