सिमराही में शिक्षिका से छेड़खानी को लेकर लोगों ने स्कूल में जड़ा ताला, कार्रवाई की मांग ।
रिपोर्ट/ब्रजेश कुमार सिमराही राघोपुर

राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही नगर पंचायत के उत्कर्मित कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय रामपुर में पद स्थापित शिक्षिका डोली कुमारी के साथ छेड़खानी को लेकर स्थानीय लोगों ने बुधवार को स्कूल गेट पर ताला जड़ दिया। आक्रोशित लोग आरोपी शिक्षक को विद्यालय से तुरंत हटाने और कार्रवाई की मांग करने पर अड़ गए।

आक्रोशित धीरेन्द्र राम, मृत्युंजय कुमार, धीरेन्द् कुमार, रामविलास मंडल, संजय मंडल, हरिनंदन मंडल, रंजन कुमार, राजा कुमार, सरोज कुमार, चंदन कुमार, उपेन्द्र कुमार, मोहन कुमार, चितरंजन कुमार, राजाराम मंडल, संतोष कुमार, मनीष कुमार सहित कई लोगों ने कहा कि विद्यालय में पद स्थापित पीड़ित शिक्षिका के साथ हुए छेड़खानी की घटना से पूरा इलाका शर्मसार हुआ है। आरोपी शिक्षक की मनमानी और गलत हरकतों के कारण विद्यालय में छात्राएं पढ़ने नहीं पहुंच रही है। वह भयभीत है। अब शिक्षिका के साथ इस तरह की घटना की जानकारी के बाद कोई अभिभावक अपने बच्चों को कैसे विद्यालय पढ़ने भेजेगा। लोगों ने आरोपी शिक्षक को तत्काल विद्यालय से निलंबित करते हुए विभागीय कार्रवाई की गुहार लगाई है।

इधर, विद्यालय एचएम राजीव नंदन ने बताया कि आरोपी शिक्षक ने उसके साथ भी कई बार अभद्र व्यवहार किया है। इनकी शिकायत वह विभागीय पदाधिकारियों को कर चुके हैं।
घटना को लेकर राघोपुर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार केशरी ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर आरोपी शिक्षक महेन्द्र कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।
————–

