
करजाईन बाजार : रक्षाबंधन पर रुद्राभिषेक का आयोजन
लक्ष्मी कान्त झा करजाईन
करजाईन बाजार : श्रावणी पूर्णिमा व रक्षाबंधन के अवसर पर गोसपुर शिवालय में भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया गया। आचार्य पंडित धर्मेन्द्रनाथ मिश्र के वेद मंत्रोच्चार के बीच दुग्ध की धारा से रुद्राभिषेक सम्पन्न हुआ। इस मौके पर आचार्य धर्मेन्द्रनाथ मिश्र ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर समस्त भाई- बहनों के दीर्घायु के लिए वैदिक विधि विधान व वेद मंत्रोच्चारण के द्वारा शिवलिंग पर गौ दुग्ध रुद्राभिषेक किया गया। इस दौरान आचार्य ने बताया कि प्रत्येक शिवालय में नंदी, गणेश, कच्छप, हनुमान, जलधारा, एवं नाग जैसे प्रतीक देखे जाते हैं। देवता एवं देवियों के आकार में उनके आसन, वाहन, प्रतीक चिन्ह, सूक्ष्मा भाव एवं गूढ़ रहस्य से भरे रहते हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार शिव का वाहन नंदी है। उसी प्रकार आत्मा का वाहन शरीर होता है, इसलिए शिव को आत्मा एवं नंदी को शरीर का प्रतीक समझना चाहिए।