प्रतापगंज/सुपौल : स्मैक जैसे मादक पदार्थ के साथ छह तस्कर गिरफ्तार, भेजा गया जेल।
प्रतापगंज : जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक, सुपौल के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, वीरपुर के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रतापगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की गई।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भवानीपुर उत्तर पंचायत के वार्ड संख्या-07 स्थित पशु चिकित्सालय के सामने प्रमोद मंडल के परित्यक्त टाट-फूस के झोपड़े में कुछ लोग स्मैक की खरीद-बिक्री और सेवन कर रहे हैं। सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष रोशन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान झोपड़ी के बाहर चार मोटरसाइकिल खड़ी मिलीं, जबकि अंदर मौजूद लोग स्मैक की डील करते हुए पकड़े गए। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से कुल छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने सफेद पुड़िया में रखी 5.89 ग्राम स्मैक, स्मैक सेवन में प्रयुक्त सामग्री, तीन लाइटर, एल्युमिनियम फॉयल, चार मोटरसाइकिल तथा छह मोबाइल फोन बरामद किए।
थानाध्यक्ष रोशन कुमार ने बताया कि इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर बुधवार को सभी आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेजा जा रहा है।

