भोज खाने गए मामा भांजा लापता, गांव में मचा हड़कंप
प्रतापगंज, सुपौल
प्रतापगंज थाना क्षेत्र के भवानीपुर दक्षिण पंचायत के वार्ड संख्या 7 में गुरुवार की रात 9 बजे भोज में शामिल होने गए मामा भांजे बच्चों के अचानक लापता हो जाने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, कामेश्वर फरकार के बड़े पुत्र सज्जन कुमार ने बताया कि उनका छोटा भाई विनोद कुमार (15 वर्ष) एवं भांजा रौनक कुमार (6 वर्ष) पड़ोस में आयोजित भोज में शामिल होने गए थे। भांजा रौनक पिछले छह माह से ननिहाल में हीं रह रहा था।
फाइल फोटो
भोज समाप्त होने के बाद जब सभी लोग हाथ धो रहे थे, उसी दौरान दोनों बच्चे अचानक वहां से गायब हो गए। काफी देर तक बच्चों के वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने भोज स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन शुरू की। लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद घर लौटकर परिजनों से पूछताछ की गई। लेकिन मामा भांजे के घर नहीं पहुंचने की पुष्टि होने पर परिवार की चिंता और बढ़ गई। परिजनों द्वारा देर रात तक गांव एवं आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई। लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। घटना के बाद पिता कामेश्वर फरकार तथा नाती रौनक के दादा बलुआ थाना विशन पुर निवासी छेदी केवार सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पीडित परिवारों ने थाना को आवेदन दे बच्चों के सकुशल बरामदगी करवाने की गुहार लगाई है। थानाध्यक्ष धर्मेद्र कुमार ने बताया कि पीडित परिवार की ओर से बच्चों के गायब होने की लिखित जानकारी दी गई है। जिसके विरुद्ध तत्काल सनहा दर्ज कर खोजबीन की कारवाई प्रारंभ कर दी गई है।

