प्रतापगंज (सुपौल) : झाड़ियों में मिला नवजात, रोने की आवाज सुन राहगीर ने दिया जानकारी।
आशीष वर्मा, सुपौल
मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना प्रखंड क्षेत्र के दुआनिया से सामने आ रही है जहां किसी ने नवजात बच्ची को एमबीसी नहर के किनारे झाड़ियों में लावारिस हालत में छोड़ दिया। मंगलवार को दुअनिया के समीप झाड़ियों से बच्ची के रोने की आवाज सुनकर राहगीरों की नजर उस पर पड़ी। कपड़े में लिपटी जीवित नवजात को देखकर लोग हैरान रह गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और इलाके में सनसनी फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राहगीरों ने झाड़ियों में बच्ची के रोने की आवाज सुनी। पास जाकर देखा तो कपड़े में लिपटी नवजात बच्ची पड़ी थी। इसके बाद लोगों ने तत्काल स्थानीय थाना को सूचना दी और बच्ची को उठाकर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्ची का उपचार किया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर चाइल्ड हेल्पलाइन के पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्ची को अपने संरक्षण में ले लिया।
इधर, नवजात को झाड़ियों में छोड़ने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
समय पर नहीं पहुंचते राहगीर तो हो सकती थी अनहोनी
नहर किनारे सुनसान झाड़ियों में नवजात को छोड़ने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते राहगीरों की नजर बच्ची पर नहीं पड़ती तो उसकी जान भी जा सकती थी। लोगों ने इस अमानवीय कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए पुलिस प्रशासन से बच्ची को छोड़ने वाले की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

