छिपकली वाला भोजन खाने से छात्रा की बिगड़ी हालत, सुपौल सदर अस्पताल रेफर

कस्तूरबा बालिका छात्रावास में भोजन की गुणवत्ता पर उठे सवाल, डीईओ ने सीएचसी पहुंचकर छात्राओं का जाना हाल; बोले- दोषियों पर होगी कार्रवाई

आशीष वर्मा, सुपौल

प्रतापगंज प्रखंड मुख्यालय स्थित पब्लिक उच्च विद्यालय परिसर के कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास टाइप-4 में छिपकली गिरा भोजन खाने से बीमार हुई छात्राओं में से आरती कुमारी की हालत शनिवार की सुबह बिगड़ गई। इसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सुपौल सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, अंजली कुमारी और रूपा कुमारी का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्रतापगंज में चल रहा है।

सीएचसी के चिकित्सक डॉ. नूर आलम ने बताया कि विषाक्त भोजन खाने के बाद आरती कुमारी, अंजली कुमारी और रूपा कुमारी को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था। जांच के दौरान आरती की तबीयत अधिक खराब पाई गई, जिसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, सुपौल रेफर कर दिया गया। वहीं, अंजली और रूपा का सीएचसी में इलाज किया जा रहा है।

चिकित्सक के अनुसार, छात्राओं को पेट दर्द, दस्त और चक्कर जैसी परेशानियां हो रही थीं। फूड पॉइजनिंग की आशंका के मद्देनजर उनका इलाज किया जा रहा है।

डीईओ ने सीएचसी पहुंचकर छात्राओं का जाना हाल

घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी संग्राम सिंह भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्रतापगंज पहुंचे। उन्होंने वहां भर्ती बीमार छात्राओं की स्थिति का जायजा लिया और मामले की जानकारी ली। डीईओ संग्राम सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद छात्रावास में भोजन की गुणवत्ता, रसोई की साफ-सफाई और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि भोजन में छिपकली गिरने की घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किस स्तर पर लापरवाही बरती गई।

Spread the love