मिथिला राज्य निर्माण सेनानियों द्वारा ललित बाबू को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।।

अमृत सागर झा, बलुआ बाजार

अलग मिथिला राज्य निर्माण की मांग को लेकर मिथिला राज्य निर्माण सेना के पुनर्जागरण अभियान के तहत यात्रा के दूसरे चरण का तीसरा दिन जागरण रथ मंगलवार देर शाम बलुआ बाजार पहुंचा। रथ के साथ निर्माण सेना ने शहर के बलुआ बाजार चौक, बिशनपुर चौक सहित अन्य चौक-चौराहों पर नुक्कड़ सभा कर लोगों को मिथिला राज्य की आवश्यकता व इससे इस क्षेत्र को होने वाले लाभ की जानकारी देते हुए इस अभियान को सफल बनाने के लिए लोगों से अपील की। मैथिली गीतों के माध्यम से कलाकारों ने मिथिला की विशेषता, इसकी महानता, मिथिला के धरोहर , मिथिला की संस्कृति आदि पर प्रकाश डालते हुए मिथिला की सांस्कृतिक विरासत से लोगों को अवगत कराया। इस दौरान मिथिला राज्य निर्माण सेना के महासचिव राजेश झा द्वारा ललित धाम में स्थित स्वर्गीय ललित नारायण मिश्र के स्मारक स्थित उनके प्रतिमा पर फूल एवं माला अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने बताया कि वर्ष 1907 ई0 में मिथिला राज्य निर्माण की मांग पहली बार की गई थी।

इसके बाद वर्ष 1927 में कामेश्वर प्रसाद सिंह और जयपाल मुंडा ने भी अलग मिथिला राज्य के निर्माण की मांग मजबूती से उठाई। आजादी के बाद भी वर्ष 1956 ई0 में भी मैथिली भाषा को अष्टम अनुसूची में शामिल करने की मांग की गई। इसके बाद काफी लंबे अरसे के इंतजार के बाद वर्ष 2003 तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने कार्यकाल में मैथिली भाषा को अष्टम सूची में शामिल किया जिससे राष्ट्रीय स्तर पर मैथिली की अपनी पहचान बनी लेकिन आठ करोड़ की आबादी वाले मैथिली भाषी लोगो की अलग मिथिला राज्य के निर्माण की मांग दब कर रह गई।

वर्ष 2013 में 14 जनवरी को दिल्ली स्थित संविधान भवन में अलग मिथिला राज्य निर्माण सेना का गठन किया गया। इस गठन के पीछे उद्देश्य है कि मिथिला क्षेत्र के लोगों को संगठित कर अलग मिथिला राज्य के निर्माण की लड़ाई लड़ी जा सके। कहा कि मिथिला राज्य सेना के बैनर तले पृथक मिथिला राज्य निर्माण को लेकर दो जनवरी से दूसरे चरण का आंदोलन शुरू किया जाएगा जो महिषी बनगांव स्थित उग्रतारा मंदिर से चलकर कारू खिरहर, सिघेश्वर, सुपौल, जदिया, छातापुर बलुआ होते हुए अन्धरा ठाढ़ी में जाकर समाप्त होगी। इस मौके पर यात्रा संयोजक जिवानंद झा,संस्थापक सदस्य प्रवीण चौधरी, सुपौल जिला अध्यक्ष आकाश गौतम सन्नी,आचार्य धर्मेंद्रनाथ मिश्र, उदयनारायण झा, विद्याभूषण रॉय एवं लोक गायिका रचना झा और रोहिणी सहित आदि लोग मौजूद थे।

Spread the love