कटिहार : आग से दो परिवार का तीन घर जलकर हुआ राख।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग
सुमन मिश्रा कटिहार।

:- फलका थाना क्षेत्र के हथवाड़ा पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या सात फुलडोभी ग्राम में शार्ट सर्किट के कारण आग लग गई। अगलगी कि इस घटना में दो परिवार का 91 हजार रुपये नगद समेत तीन घर जलकर राख हो गया। हालांकि स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक रविवार को थाना क्षेत्र के फुलडोभी ग्राम वार्ड संख्या सात में मोहम्मद तेय्यब के घर में अचानक शार्ट सर्किट के कारण आग लग गई और आग की लपटें देखते ही देखते काफी भयावह हो गई। आगलगी कि इस घटना में मुस्तफा के भी दो घर को अपने आगोश में ले लिए। आग की लपटें देखकर स्थानीय ग्रामीण एवं गृह स्वामी काफी भयभीत हो गए। बावजूद इसके ग्रामीणों के द्वारा काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि अगलगी की घटना की जानकारी अग्निशामक वाहन को भी दी गई। मगर घंटो बीत जाने के बावजूद भी अग्निशामक वाहन नहीं पहुंचे। गृह स्वामी मोहम्मद मुस्तफा ने बताया कि अगलगी की घटना में उनका 21 हजार रुपये नगद, जेवर, घर का सारा अनाज, जरूरी कागजात समेत सारा सामान जल गया है। वही मोहम्मद तेय्यब ने बताया कि मक्का बेचकर 70 हजार रुपये घर में रखे थे और ईद त्यौहार को लेकर बाल बच्चों का कपड़ा वगैरह खरीद कर लाए थे मगर अगलगी की घटना में सारा अरमान एवं सपना चकनाचूर हो गया। उन्होंने बताया कि इस घटना में उनके घर का सारा सामान जलकर राख हो गया है। उसके घर में कुछ भी नहीं बचा है। अगलगी की घटना की जानकारी पीड़ित द्वारा अंचलाधिकारी को दी गई। मामले में अंचलाधिकारी दिवाकर कुमार ने बताया कि अगलगी की घटना की जानकारी प्राप्त हुआ है। जांच हेतु राजस्व कर्मचारी को भेजा गया है। जांच रिपोर्ट समर्पित करते ही कागजी प्रक्रिया के अनुसार पीड़ित परिवार को आपदा के तहत मुआवजा की राशि दिया जाएगा।

