सिमराही एनएच 57 पर खड़ी ट्रकों से उचक्कों ने 50 हजार के डीजल उड़ाया
रिपोर्ट/ब्रजेश कुमार सिमराही राघोपुर
राघोपुर थाना क्षेत्र के रामविशनपुर एनएच 57 के समीप खड़ी दो ट्रकों से सोमवार की रात उचक्कों ने 50 हजार रुपए कीमत की डीजल को उड़ा लिया। जिस कारण ट्रक चालकों ने सोमवार को पुलिस प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश जाहिर किया।
डीजल चोरी होने को लेकर पीड़ित रामनगर निवासी योगेन्द्र शर्मा, सुनील कुमार, सहाब मिस्त्री ने बताया कि रविवार की रात रामविशनपुर स्थित एक पेट्रोलपंप के समीप मरम्मत के लिए दो ट्रक बीआर 11एस 7145 और बीआर 11जीए 7145 खड़ी था। देर रात उचक्कों ने दोनों ट्रकों की टंकी से लगभग 50 हजार रुपए का पेट्रोल चोरी कर लिया। पीड़ितों ने घटना की शिकायत थाना पुलिस से करते हुए कार्रवाई की मांग की।

आक्रोशित लोगों ने बताया कि एनएच 57 पर खड़ी ट्रकों से उचक्कों द्वारा लगातार डीजल चोरी की घटना को अंजाम दिया जा रहा है। बावजूद पुलिस प्रशासन मामले की अनदेखी कर रहा है। जिस कारण चोरी की घटना से लोगों के बीच दहशत का माहौल है। लोगों ने स्थानीय थाना पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की। मामले में राघोपुर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार केशरी ने बताया कि डीजल चोरी होने को लेकर फिलहाल आवेदन नहीं मिला है। आवेदन अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

