मात्र दो पुलिस पदाधिकारी के सहारे चल रहा है ललितग्राम ओपी का सुरक्षा व्यवस्था, गस्ती एवं अन्य कार्यों में ओपी पुलिस की बढ़ी परेशानी।।

:-अमृत सागर झा,बलुआ बाजार

छातापुर प्रखंड क्षेत्र स्थित लक्ष्मीनियाँ, ललितग्राम मधुबनी पंचायत समेत अन्य पंचायतों की सुरक्षा व्यवस्था कायम रखने के लिए सरकार के द्वारा थाना की स्थापना की गई है। लेकिन पुलिस पदाधिकारी के कमी के कारण खुद थाना अगर सुरक्षित नहीं है तो आमलोग कितने सुरक्षित रहेंगे यह सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। कुछ ऐसा ही मामला प्रखंड क्षेत्र स्थित ललितग्राम ओपी का है। यहां संसाधनों एवं पुलिस बल की कमी से लोगों की सुरक्षा करना काफी चुनौती भरा कार्य है। हालांकि संबंधित ओपी प्रभारी इससे पूर्व अपने वरीय अधिकारी को कई बार पुलिस पदाधिकारी को बढ़ाने को लेकर गुजारिश कर चुके हैं। इसके बावजूद ओपी में पुलिस पदाधिकारी बढ़ाने की दिशा में अनदेखी की जा रही है। जिस कारण क्षेत्र में गस्ती एवं अन्य कार्यों में ओपी पुलिस को काफी जदोजहद उठानी पड़ रही है।

 

आपको बतादें कि ओपी क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ साथ एसएच 91 समेत अररिया जिले की सीमा से जुड़ा हुआ है। जहां पेट्रोलिंग से लेकर विधि व्यवस्था को कायम रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल व वाहन की जरूरत पड़ती है। लेकिन ललितग्राम ओपी में मात्र एक वाहन उपलब्ध हैं और वो गाड़ी भी बिल्कुल जर्जर स्थिति में है। वहीं लंबे समय से ओपी में मात्र दो पुलिस पदाधिकारी के सहारे सुरक्षा व्यवस्था चल रही है। ओपी पदस्थापित पुलिसकर्मी बताते हैं कि किसी भी तरह हमलोगों को एक अन्य पदाधिकारी की हमेशा जरूरत पड़ती रहती है। जिस कारण ड्यूटी निभाने में परेशानी होती है। सोने और बैठने के लिए फर्नीचर के साथ बेड की भी कमी है। वर्तमान में ललितग्राम में ओपी प्रभारी किशोरी प्रसाद के अलावे एक मात्र एसआई अरुण कुमार सिंह कार्यरत हैं। इसके अलावा ओपी में एक हवलदार, पांच होमगार्ड, दो सिपाही, एक मैनेजर व एक मुंशी कार्यरत हैं। जबकि ओपी में एक भी चौकीदार को पदस्थापित नहीं किया गया है। इससे पूर्व इस ओपी में तीन पुलिस पदाधिकारी का पदस्थापन किया गया था। लेकिन किसी कारणवश एक पदाधिकारी को लाइन बुला लिया गया। तब से लेकर अब तक ओपी में एक अन्य पुलिस पदाधिकारी का जगह खाली पड़ा हुआ है।

ज्ञात हो कि ललितग्राम ओपी अररिया और नेपाल बॉर्डर से सटा हुआ क्षेत्र है। साथ ही एनएच से होकर गुजरने वाले लोग जो देश के कोने-कोने तक इस मार्ग से पहुंच जाते हैं उनकी भी सुरक्षा ओपी पुलिस से जुड़ी हुई है। इसके साथ ही इस प्रखंड में चार पंचायत से जुड़ा हुआ है। जहां लोगों का आना जाना रहता है। जिसके चलते सुरक्षा के दृष्टि से पुलिस बल की कमी के कारण काफी परेशानी हो रही है। अगर समुचित व्यवस्था स्थानीय पुलिस प्रशासन के पास रहेगा तो पुलिस असामाजिक लोगों से डटकर मुकाबला करेगी।

पुलिस पदाधिकारी की कमी के संबंध में वरीय अधिकारी को सूचित किया गया है।।

इस संदर्भ में जानकारी देते हुए ललितग्राम ओपी प्रभारी किशोरी प्रसाद ने बताया कि ओपी में पुलिस पदाधिकारी समेत एक भी चौकीदार नहीं है। जिसके संबंध में वरीय अधिकारी को सूचित किया गया है। जिसपर वरीय अधिकारी ने बताया है कि जल्द ही ओपी में पुलिस पदाधिकारी का पदस्थापन किया जाएगा।

Spread the love