सिमराही हाई स्कूल प्रधान ने डाटा ऑपरेटर में चयनित नाम बदलकर पुत्र और रिश्तेदार का नाम डाल दिया,विद्यालय में नाराजगी”

रिपोर्ट/विकास आंनद के साथ ब्रजेश कुमार सिमराही राघोपुर

सुपौल जिले के नामी गिरामी विद्यालय में शुमार लखीचंद साहू उच्च विद्यालय सिमराही में सभी छात्र छात्राओं के आधार बनाने को लेकर विभागीय निदेश के आलोक में आधार सेंटर स्थापित कर दो ऑपरेटर की नियुक्ति की जानी थी। लेकिन ऑपरेटर के नियुक्ति को लेकर शिक्षकों के साथ पूर्व प्रस्तावित निर्णय को विद्यालय प्रधान सुनील कुमार नायक द्वारा अचानक बदलते हुए ऑपरेटर के रूप में चयनित करने हेतु अपने पुत्र तथा रिश्तेदार का नाम विभाग को भेज दिया गया। विद्यालय प्रधान के इस हरक़त के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। इस संबंध में पूर्व में डाटा ऑपरेटर हेतु प्रस्तावित प्रेमकांत झा ने पहले क्षेत्रीय विधायक सह विद्यालय के अध्यक्ष को आवेदन देकर मामले से अवगत कराया, जिसमें विद्यालय के सभी शिक्षकों ने भी अपनी सहमति जताया है। वहीं इसके बाद उन्होंने एक आवेदन जिलाधिकारी सुपौल को देकर मामले में न्याय का गुहार लगाया है।
प्रेषित आवेदन में प्रेमकांत झा ने बताया है कि विद्यालय के प्रधान शिक्षक तथा शिक्षकेत्तर कर्मियों द्वारा पूर्व में उनके नाम का चयन किया गया था। परंतु अज्ञात कारणवश गुपचुप तरीके से प्रधानाध्यापक ने उनके नाम को हटाकर अपने पुत्र एवं रिश्तेदार का नाम चयनित कर सूची प्रेषित कर दिया। बताया कि उनके द्वारा दिए गए आवेदन में विद्यालय के सभी शिक्षक तथा शिक्षकेत्तर कर्मियों ने भी अपना हस्ताक्षर कर स्वीकृति जताया है।
वहीं विद्यालय के कुछ शिक्षकों ने जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व में प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों के बीच बात हुई थी कि प्रेमकांत झा एवं अन्य का नाम विभाग को भेजा जाएगा, जिस पर सभी शिक्षकों ने सहमति जताया था। लेकिन बाद में प्रधानाध्यापक ने बिना किसी शिक्षक को इसकी जानकारी दिए ही अपने पुत्र और रिश्तेदार का नाम भेज दिया। शिक्षकों ने भी इस बात को माना कि यह कहीं से भी न्यायोचित नहीं है, लेकिन विद्यालय प्रधान के अनुशंसा पर ही नियुक्ति होनी है, इसलिए कोई शिक्षक इसका विरोध भी नहीं कर पा रहे हैं।


वहीं इस संबंध में विद्यालय प्रधान सुनील कुमार नायक ने बताया कि प्रेमकांत झा द्वारा उन्हें पूर्व में कोई जानकारी नहीं दिया गया था। जब उन्होंने अपने पुत्र का नाम भेज दिया, इसके बाद प्रेमकांत झा द्वारा इस सम्बंध में कहा गया।

Spread the love