कबीर मठ हरिहरपुर में आयोजित सत्संग का हुआ समापन
राजकुमार झा, छातापुर
छातापुर : प्रखंड के माधोपुर पंचायत के हरिहरपुर कबीर मठ में आयोजित दो दिवसीय सत्संग का समापन सोमवार को हुआ। कबीर मठ के संस्थापक महन्त अगुवान गोस्वामी के पावन स्मृति में सत्संग और भंडारा का आयोजन पूज्य महामंडलेश्वर महन्त रघुनंदन गोस्वामी साहेब और सचितानंद साहेब के सानिध्य में आयोजित किया गया। समारोह में शामिल संत महात्माओं के द्वारा सत्संग सह प्रवचन की गई और स्तुति विनती आरती के बाद समारोह का समापन किया गया। प्रवचन के दौरान मौजूद संतों ने कबीर साहेब के जीवन चरित्र का दर्शन कराया, कहा कि कबीर साहेब एक ऐसे संत थे जिन्होने कोई कथा या कहानी नहीं लिखी और ना ही इतिहास का वर्णन किया।

उन्होने आजीवन समाज सुधार व भेदभाव मिटाने के लिए जीवन समर्पित कर दिया। मानव जीवन के समाधान के लिए शांति प्रदान करने के लिए उन्होने स्वयं का चिंतन प्रस्तुत किया। संतो ने अपने प्रवचन के माध्यम से लोगो को सच्चाई और अच्छाई के रास्ते पर चलने तथा जीवन रूपी भवसागर से पार उतरने की सीख दी। कहा की संतो की वाणी का मनुष्य अनुसरण कर सदमार्ग पर चलेंगे तो उन्हें अवश्य ही मुक्ति मिलेगी। मोह माया के चक्कर में पड़कर ही मनुष्य अपने जीवन को सफल बनाने के मुख्य उदेश्य को भूल जाता है। सत्संग के बिना मानव को सद्ज्ञान की प्राप्ति नहीं हो सकती है। अज्ञानता दूर हो, ज्ञान का प्रकाश फैले और नशा मुक्ति, आपसी सद्भाव को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। वहीं सत्संग समापन के बाद लोगों ने डिग्री कॉलेज के लिए कबीर मठ को जमीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, स्थानीय लोगों की मांग पर मठ के महन्त रघुनंदन गोस्वामी और सचिदानंद गोस्वामी ने डिग्री कॉलेज के लिए जमीन उपलब्ध कराने की घोषणा किया। मौके पर व्यवस्थापक हरिओम गोस्वामी, संचालक अमरदीप गोस्वामी, भूपनारायण साहेब, पथिक साहेब, रामस्वरूप साहेब, मनमोहन साहेब, भूपेन्द्र साहेब, राधाकृष्ण गोस्वामी, डॉ प्रो कुलदीप यादव, रत्नस्वरूप साहब, महेंद्र साहब, पूर्व मुखिया सरयुग प्रसाद मंडल, रामचंद्र मंडल, वकील यादव, महेंद्र यादव, ललन भुसकुलिया, भवेश यादव, नागेश्वर भुसकुलिया, चंदू भुसकुलिया आदि मौजूद थे।

