
बिहार : प्रदेश में कोरोना संक्रमण से निपटने को लेकर समीक्षा बैठक,इन क्षेत्रों में कड़ाई!
प्रियजीत प्रताप ,पटना/बिहार
प्रदेश में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए पूर्व के नियम ही प्रभावी रहेंगे। 14 और 15 जनवरी को मगर संक्रांति पर्व के दौरान बाजारों, शापिंग कांप्लेक्स में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
बुधवार को मुख्य सचिव आमिर सुबहानी की अध्यक्षता में हुई आपदा प्रबंधन समूह की बैठक में कोरोना संक्रमण की वर्तमान स्थिति और इस पर नियंत्रण के लिए किए जा रहे उपायों की समीक्षा की गई। बैठक के बाद मुख्य सचिव सुबाहनी ने बताया कि राज्य में फिलहाल कोरोना से स्थिति काबू में है। अधिकांश मरीज होम आइसालेशन में ही हैं और अमूमन पांच से सात दिन में स्वस्थ हो रहे हैं। लिहाजा अलग से कोई नया प्रतिबंध नहीं लगाया जाएगा।
नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराएं
मुख्य सचिव ने कहा कि पूरे हालात की समीक्षा करने के बाद जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि पूर्व के नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराएं। विशेष कर भीड़भाड़ को नियंत्रित करने के लिए बाजार, शापिंग कांप्लेक्स, बस अड्डों के साथ रेलवे स्टेशन में विशेष निगरानी रखी जाए।
प्रत्येक दो दिन पर आपदा प्रबंधन समूह की बैठक
मुख्य सचिव ने बताया कि दाे दिन बाद संक्रांति का पर्व है। जिलाधिकारियों से कहा गया है कि वे अपने प्रभार वाले जिलों में नदियों में स्नान को उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आवश्यकता के आधार पर अतिरिक्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करें। बाजारों में भी विशेष कड़ाई की जाए ताकि किसी एक स्थान पर भीड़ ना जमने पाए। बता दें कि कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री के आदेश पर प्रत्येक दो दिन पर आपदा प्रबंधन समूह की बैठक करने को कहा गया है। आदेश के बाद यह पहली बैठक थी। अगली बैठक शुक्रवार को संभावित है।