प्रतापगंज/सुपौल: एजेंसी के कर्मी को गोली मार की हत्या, भोंगाधार के पास मिला शव, कोहराम

आशीष वर्मा , सुपौल

प्रतापगंज : थाना क्षेत्र के सितुहर गांव में बुधवार की रात टीभीएस मोटरसाइकिल एजेंसी के एक कर्मी की अज्ञात बदमाशों ने गोलीमार कर निर्मम हत्या कर दी। जिसकी जानकारी गुरुवार की सुबह होते हीं घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान चिलौनीउतर पंचायत वार्ड 3 निवासी रामचरण रजक के 38 वर्षीय पुत्र अरविंद कुमार रजक के रूप में हुई है। बताया जाता है कि मृतक अरविंद सीमराही बाजार स्थित टीभीएस मोटरसाइकिल सेल्स एजेंसी में ऋण वसुली का काम किया करता था। बुधवार की शाम मृतक अपने परिजन व अन्य साथियों के साथ अपने घर पर स्थापित सरस्वती मां की प्रतिमा का विसर्जन बेल्ही धारा में शाम तक किया था। वहीं परिजनों ने बताया कि लगभग 7 बजे शाम में मूर्ति विसर्जनो के बाद अरविंद अपने साथियों के साथ सफेद रंग के चार चक्का से सीमराही की ओर निकला था। लगभग रात दस बजे के आस पास उसकी पत्नी अंजना देवी ने फोन से सम्पर्क कर आने की जानकारी ली। अरविंद ने बताया कि एक घंटे के अंदर घर आ रहा हूं। जब रात 11 बजे तक अरविंद घर वापस नहीं आया तो उसके मोबाइल पर सम्पर्क किया गया लेकिन उसका मोबाइल स्वीच आफ आया। मृतक के भतीजे अंशु ने बताया कि चाचा हमेशा लेट से घर आते थे। इसलिए हमलोग ज्यादा चिंतित नहीं हुए। लेकिन जब सुबह तक नहीं आये तब हमलोग उनके दोस्तों से पूछताछ की तो
बताया कि अरविंद को रात 11 बजे तक सीमराही बाजार स्थित मांसाहारी विशो होटल में खाना खाते देखा गया था। इसी बीच गुरूवार की सुबह सितुहर गांव में भेंगाधार बांध के किनारे एक अज्ञात लहूलुहान लाश मिलने की सूचना मिली। जिसे देखने परिजन घटनास्थल पहूंचते तो लाश देख सबके होश उड़ गये। देखा कि अरविंद के चेहरे को गोलियों से छलनी किया हुआ था।पति के हत्या की खबर पाकर पत्नी अंजना देवी का रो रो कर बुरा हाल हो गया। मृतक को दो लड़का एक लड़की है। मृतक दो भाईयों में बड़ा था।
लाश मिलने की सूचना थाना को दी गई। सूचना पाते हीं थानाध्यक्ष प्रमोद झा सशस्त्र बल के साथ घटनास्थल पहूंचे। गोलियों से भूनी विकृत लाश को देख थानाध्यक्ष ने घटना की सूचना अपने वरीय पदाधिकारियों को भी दी। सूचना पाते हीं एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार भी घटनास्थल पहूंच घटना की विस्तृत जानकारी ली। एसडीपीओ श्री कुमार ने अरविंद की हत्या गोली मारकर करने की पुष्टी करते हुए बताया कि बदमाशों द्वारा मृतक को पांच गोली मारी गई है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से चार खोखा और एक फायर की गई गोली भी बरामद की गई है। बताया कि घटना की विस्तृत जानकारी ली जा रही है। हत्या में शामिल बदमाशों की गिरफ्तारी बहुत जल्द कर मामले का उद्भेदन किया जायेगा।

Spread the love