मधेपुरा: नशा मुक्ति दिवस के मौके पर बच्चों ने निकाली शहर में प्रभात फेरी …

मुकेश कुमार मधेपुरा


मधेपुरा मे नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर रविवार की सुबह स्कूली बच्चों ने शहर के मुख्य मार्गों पर प्रभातफेरी निकालकर लोगों के बीच इससे संबंधित जागरूकता का संदेश दिया। बच्चों द्वारा लगाए जा रहे नारे लोगों को खूब आकर्षित कर रहे थे। नारों के माध्यम से बच्चे नशे के कारण बर्बाद हो रहे परिवार के चित्र व कार्टूनों का भी प्रदर्शन कर रहे थे। रविवार की सुबह बीएन मंडल स्टेडियम से शुरू हुई प्रभात फेरी में विभिन्न स्कूलों के सैकड़ों बच्चे अपने विद्यालीय परिधानों से सुसज्जित होकर शामिल हुए थे। स्कूली बच्चों की इस टीम को एडीएम अरुण कुमार सिंह और डीईओ जयशंकर प्रसाद ठाकुर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जागरूकता रैली बीएन मंडल स्टेडियम से शुरू होकर बीपी मंडल चौक, पीएस कॉलेज, भूपेंद्र चौक, पुरानी बाजार, मस्जिद चौक, थाना चौक, सुभाष चौक, स्टेट बैंक रोड होते हुए पुनः बीएन मंडल स्टेडियम पहुंची।
कार्यक्रम को संबोधित करते वक्ताओं ने सूबे में 7 साल से जारी नशा मुक्ति अभियान के सकारात्मक पक्ष पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस अभियान के संचालित किए जाने के बाद सड़क दुर्घटना में होने वाली मौतें पहले से काफी कम हुई है। वहीं नशा को छोड़ चुके कई लोगों के जीवन में खुशहाली भी आई है। इस कार्यक्रम में कई विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं के अलावा उत्पाद विभाग के अधिकारी व कर्मचारी भी शामिल थे। जिसमें उत्पाद अधीक्षक सुरेंद्र प्रसाद, स्काउट गाइड के जिला प्रशिक्षण आयुक्त जयकृष्ण यादव आदि मौजूद थे।

Spread the love