दिव्यांगों को ट्राई साईकिल दिलाने के लिए सौंपा बीडीओ को ज्ञापन ।
दिवाकर कुमार/फारबिसगंज

अररिया : शुक्रवार को फारबिसगंज प्रखंड मुख्यालय में दिव्यांगों की समस्या को लेकर सामाजिक कार्यकर्त्ता प्रभात यादव के नेतृत्व में प्रखंड विकास पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। दिए गए आवेदन में सामाजिक कार्यकर्त्ता प्रभात यादव ने कहा कि प्रखंड क्षेत्र के अड़राहा, परवाहा, सैफगंज, टेढी मुसहरी, हरिपुर आदि पंचायत के दिव्यांग ट्राई साईकिल के लिए दर-दर भटक रहे हैं लेकिन उनका दुख-दर्द कोई सुनने वाला नहीं है और न ही कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं, प्रभात यादव ने कहा कि अड़राहा गंजभाग निवासी दिव्यांग अशोक यादव दो वर्ष पूर्व ट्राई साईकिल के लिए आवेदन दे चुके हैं, लेकिन उनके आवेदन पर अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई। प्रभात ने बीडीओ को आवेदन देकर सात दिन के अंदर ब्लाॅक में ट्राई साईकिल उपलब्ध कराकर दिव्यांगों को देने की मांग की।

मौके पर मौजूद सामाजिक कार्यकर्त्ता मयंक मल्होत्रा, विजय कुमार, अभिषेक कुमार मौजूद थे।
ट्राई साइकिल के लिए आवेदन जमा करें दिव्यांग : बीडीओ
ट्राई साइकिल के लिए अब दिव्यांगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। इसके लिए वे प्रखंड कार्यालय में आकर आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। उसके बाद उन्हें ट्राई साइकिल दी जाएगी। इस बात की जानकारी देते हुए बीडीओ राजकुमार शर्मा ने बताया कि दिव्यांग लोग अब ट्राई साइकिल के लिए प्रखंड कार्यालय में आकर अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।
आवेदन जमा करने के लिए दिव्यांग के पास अपना जाति ,आवासीय प्रमाण पत्र तथा दिव्यांग प्रमाण पत्र का होना जरूरी है। इसके साथ साथ ही दिव्यांग लोगों को आवेदन में एक शपथ पत्र भी जमा करना होगा जिसमें यह उल्लेख होगा कि वह विगत तीन साल से कहीं भी ट्राई साइकिल नहीं लिए है। बीडीओ ने बताया कि खासकर दिव्यांग प्रमाण पत्र में 40 प्रतिशत से ऊपर दिव्यांगता हो तथा वह व्यक्ति पैर से दिव्यांग हो। उन्होंने बताया कि 40 प्रतिशत से ऊपर दिव्यांग व्यक्ति जोकि पैर से दिव्यांग है वह जाति आवासीय तथा शपथ पत्र लगाकर आवेदन को प्रखंड कार्यालय में जमा कर सकता है उसके बाद दिव्यांग लोगों को ट्राई साइकिल दिया जाएगा । बीडीओ ने बताया कि दिव्यांगों को अब ट्राई साइकिल के लिए कहीं भी परेशान होने की जरूरत नहीं है इसके लिए वह उपरोक्त बताए गए सभी आहर्ता को पूरा कर प्रखंड कार्यालय में ही आवेदन जमा करें।

