गणपतगंज में छात्राओं को आत्मरक्षा को लेकर कराटे का दिया प्रशिक्षण
रिपोर्ट/ब्रजेश कुमार सिमराही राघोपुर
राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के ललित बालिका विद्यापीठ गणपतगंज में गुरुवार को लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजित प्रशिक्षण शिविर में छात्राओं को आत्मरक्षा के लिए विभिन्न तरह के कराटे के गुर सिखाए गए।
इस दौरान ललित बालिका विद्यापीठ गणपतगंज के एचएम मो. ताहिर हुसैन ने बताया कि बिहार शिक्षा परियोजना द्वारा संचालित इस योजना के तहत छात्राओं को कराटे प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं। बताया कि इस प्रशिक्षण के पूरा हो जाने से लड़कियां आत्मरक्षा कर सकती है। अगर कभी किसी ने इन छात्राओं के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाने की कोशिश की तो यह छात्राएं कहर बनकर टूट पड़ेगी। कहा कि सेल्फ डिफेंस के अंतर्गत बालिकाओं को 124 दिन का प्रशिक्षण दिया जाना है। जिसमें 24 दिन तक सभी बालिकाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इन बालिकाओं में से दो श्रेष्ठ बालिका का चयन कर उन्हें 5 दिन का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। विशेष प्रशिक्षण प्राप्त यह दोनों बालिका अगले एक सौ दिन का प्रशिक्षण अन्य बालिका को देंगी। प्रशिक्षक को सहयोग प्रदान करने के लिए विद्यालय स्तर से शिक्षक शिक्षिकाओं को भी प्रतिनियुक्ति की गई है। मौके पर आलोक राज, राजेश कुमार, भवेश कुमार, उमेश भगत, राम नरेश चौधरी, सुमन कुमारी, सत्यजीत कुमार, स्नेहा, कुमुदानंद झा, नाज खातून, राजरानी कुमारी, प्रिया कुमारी, प्रेरणा कुमारी सहित कई अन्य मौजूद थे।

