सिमराही के एक घर से महज 16 दिनों के नवजात को उचक्कों ने उड़ाया
रिपोर्ट/ब्रजेश कुमार सिमराही राघोपुर
राघोपुर थाना क्षेत्र के नगर पंचायत सिमराही वार्ड 3 के एक घर से बच्चा चोरी होने की जानकारी मिली है। पीड़ित मां ने राघोपुर थाना में शुक्रवार को आवेदन देकर बच्चा के चोरी होने की शिकायत की और न्याय की गुहार लगाई है।

दिए गए आवेदन में नगर पंचायत सिमराही वार्ड 3 निवासी सोनी खातून ने बताया कि गुरुवार की रात वह सिमराही वार्ड 3 स्थित अपने घर में बच्चों के साथ सो रही थी। इसी क्रम में देर रात जब उसकी आंख खुली तो उसका महज 16 दिनों का एक बच्चा गायब था। काफी खोजबीन के बाद भी बच्चे का कुछ पता नहीं चला। बताया कि वह बीते 6 सालों से अपनी मायका में रह रही है। उसके पति मो. शमशेर आलम राजस्थान जयपुर में रहकर सिलाई का काम करते हैं। बीते छह सात महीनों से उनदोनों के बीच अनबन है। कहा कि देर रात किसी अज्ञात बाइक चालक द्वारा रात एक बजकर 20 मिनट पर घर से बच्चा चोरी कर भागने की जानकारी मिल रही है। उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को चेक कर बच्चा बरामदगी की गुहार लगाई है।
मामले में राघोपुर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार केशरी ने बताया कि घटना को लेकर आवेदन मिला है। जांच की जा रही है।
———-

