सिमराही में कांस्टेबल को पैसा मिलते ही ट्रक को नो एंट्री में दिया जाता है प्रवेश
सुरेश कुमार सिंह सिमराही सुपौल

वैसे तो सिमराही बाजार के जेपी चौराहे पर ट्रक को नो एंट्री में प्रवेश पर रोक लगाने को लेकर पुलिस चौकसी बनाई गई है। यहां पुलिस कांस्टेबल की तैनाती भी रहती है। लेकिन पैसा मिलते ही ट्रक चालक को नो एंट्री में प्रवेश की अनुमति मिल जाती है। ऐसा ही एक नजारा गुरुवार को देखने को मिला, जब जब दोपहर के समय एक आलू लदा ट्रक को तैनात पुलिस ने पैसा मिलते ही नो एंट्री में प्रवेश दिया। इसको लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश भड़क गया।

दरअसल सिमराही बाजार में रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही लगी रहती है। दिनभर सड़क पर खचाखच लोग भरे रहते हैं। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक ट्रकों की एंट्री पर रोक लगा रखा है। इसको लेकर सख्त नियम लागू किए गए हैं। बावजूद पुलिस प्रशासन की अनदेखी के कारण यह नियम सही तरीके से लागू नहीं किया जा सका है। जिस कारण सिमराही बाजार में आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती है। कई मामलों में लोगों को अपनी जान तक गंवानी पड़ती है।

स्थानीय निवासी सहदेव शर्मा, मनोज कुमार, ललित कुमार, अरुण साह, मंगल कुमार, रोशन साह, अजीत कुमार, नयन कुमार, सुमन कुमार, रश्मि कुमार आदि ने बताया कि जेपी चौराहे पर तैनात पुलिस कांस्टेबल द्वारा अवैध तरीके से ट्रक चालकों से नो एंट्री में प्रवेश के लिए पैसा वसूला जाता है। पैसा नहीं मिलने पर ऐसे ट्रक चालकों को धमकी दी जाती है। वहीं पैसा मिलते ही ट्रक चालकों को आसानी से नो एंट्री में प्रवेश मिल जाता है।
इधर मामले को लेकर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार केशरी ने बताया कि इसको लेकर फिलहाल किसी तरह की शिकायत नहीं मिली है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

