सिमराही में अगलगी की घटना में तीन लाख के सामान जलकर राख।
रिपोर्ट/ब्रजेश कुमार सिमराही राघोपुर

नगर पंचायत सिमराही वार्ड 1 धर्मपट्टी में शुक्रवार की रात अचानक एक घर में आग लग गई। अगलगी की घटना में तकरीबन तीन लाख रुपए के सामान जलकर राख हो गया। फिलहाल, अगलगी के कारण का पता नहीं चल सका है।

सिमराही वार्ड 1 निवासी पीड़ित किशुनदेव मेहता ने बताया कि शुक्रवार की रात करीब 10 बजे वह परिवार संग खाना खाकर सो गए। देर रात करीब 2 बजे घर में आग की तपिश महसूस हुई। जिसके बाद शोर मचाने पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों की मदद से वे लोग किसी तरह परिवार संग घर से बाहर निकले। वहीं करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका।

पीड़ित ने बताया कि अगलगी की घटना में दो फूस घर, पांच मवेशी, पांच बकरी, करीब 50 हजार रुपए का भूसा, साइकिल, कपड़ा, अनाज पूरी तरह जलकर राख हो गया। सिर से छत छीन गया है। परिवार संग सड़क पर आ गए हैं। बताया कि घटना को लेकर सीओ प्रीति कुमारी और थानाध्यक्ष रजनीश कुमार केशरी को दूरभाष पर जानकारी दी गई है। मुआवजा को लेकर आवेदन दिया जा रहा है।
———–

