सिमराही बाजार में कचरों का लगा अंबार, लोगों में आक्रोश।

रिपोर्टर सुरेश कुमार सिंह सिमराही सुपौल

सिमराही बाजार के विभिन्न जगहों पर गंदगी का अंबार लगा हुआ है। गंदगी से दुर्गंध उठ रही है। लोगों का सांस लेना तक दूभर हो रहा है। वहीं लोगों के बीच कई तरह की संक्रमित बीमारियों के फैलने का डर बना हुआ है। इसके कारण लोगों के बीच आक्रोश है। स्थानीय योगेंद्र चौधरी, भूपेंद्र यादव, किशोर चौधरी, संजीत कुमार, आनंद कुमार, ध्रुव दास, भोला दास आदि ने बताया कि विभागीय निर्देश के आलोक में नगर पंचायत सिमराही के कुल 17 वार्डो को लेकर सफाई का टेंडर मानव कल्याण फाउंडेशन को दिया गया है। इसके अंतर्गत मनमाने तरीके से सफाई कर्मी काम कर रहे हैं। इसके कारण नगर पंचायत सिमराही बाजार के कई वार्डों में कचरों का अंबार लगा हुआ है। जमा गंदगी से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हो रहे हैं। बावजूद जिम्मेदार पदाधिकारी इससे अंजान दिख रहे हैं।

इस संबंध में मुख्य पार्षद यशोदा देवी ने कहा कि कई बार पूर्व ईओ मनीषा कुमारी को पत्र जारी कर सफाई टेंडर लेने वाले एनजीओ के लेखा-जोखा की जानकारी मांगी गई, लेकिन हमेशा पूर्व ईओ टालमटोल करती रही। सफाई को लेकर जमीन पर कितने सफाईकर्मी काम कर रहे हैं और कितने कर्मियों के नाम पर सरकारी राशि का भुगतान किया जा रहा है, यह जांच का विषय है। बताया कि नगर पंचायत सिमराही के साफ- सफाई को लेकर किसी तरह की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर हाल में नगर पंचायत सिमराही को सुंदर स्वच्छ बनाना है।

बता दें कि नगर पंचायत सिमराही के पिपराही रोड, पुराना सिनेमा हॉल रोड, करजाइन रोड, सरायगढ़ रोड, स्टेशन रोड सहित कई अन्य जगहों पर गंदगी का जमावड़ा लगा हुआ है। इससे लोग परेशान हैं। गंदगी से उत्पन्न होने वाले सड़ांध से लोगों के बीच बीमारियों के फैलने का भी खतरा बढ़ गया है। लोगों ने मांग किया है कि जल्द से जल्द सिमराही नगर पंचायत को स्वच्छ बनाने के लिए कचरों के अंबार को सड़क किनारे से हटाया जाय। ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।

Spread the love