सुपौल में बिजली विभाग की लापरवाही से उपभोक्ता परेशान, कार्यालय पहुंच उपभोक्ताओं ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

सुपौल में छातापुर प्रखंड के डहरिया फीडर से जुड़े राजेश्वरी पूर्वी पंचायत के लोग बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर काफ़ी परेशान हैं, लंबे समय से समस्या का समाधान नहीं पर नाराज़ दर्जनों उपभोक्ता गुरुवार को बिजली विभाग के कार्यालय पहुंच गए और बिजली की लचर व्यवस्था को लेकर जेई से शिकायत कर 5 सूत्री मांगपत्र सौंपा है। मांग पत्र के माध्यम से उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग को 10 दिनों का समय दिया है, यदि 10 दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्र के बिजली उपभोक्ता उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है।

बताया जा रहा है कि बिजली विभाग की लापरवाही और मनमानी से उपभोक्ता कई महीनों से परेशान है। विभागीय उदासीनता के कारण आम लोगों में काफी नाराजगी है। मांगपत्र में उपभोक्ताओं ने बताया है कि बिजली कटौती, बिजली बिल में अनियमितता, वोल्टेज की समस्या, हल्की बारिश और हवा में भी बिजली गुल होना आम बात हो गई है, खेदन स्थान के पास जला हुआ तार को अबतक नहीं बदला जा सका है। उपभोक्ताओं ने 5 सूत्री माँग पत्र की प्रतिलिपि बीडीओ, एसडीएम, डीएम और सूबे के ऊर्जा मंत्री को भी भेजा है।
उपभोक्ताओं ने बताया कि बराबर बिजली की अनियमित आपूर्ति एक बड़ी समस्या बनी हुई है। जगह-जगह फॉल्ट, लो वोल्टेज की शिकायत हमेशा बनी रहती है। जिसकी शिकायत कई बार बिजली विभाग के जेई सहित एई से भी की गई, लेकिन समाधान नहीं हो पाया है। उपभोक्ताओं ने बिजली की लचर व्यवस्था में शीघ्र ही सुधार करने की मांग पत्र के माध्यम से की है। बताया कि 10 दिन के अंदर अगर मांग पूरी नहीं होगी तो बाध्य होकर उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।

 

Spread the love